क्या कप्तान हैरी ब्रूक ने इंग्लैंड को संकट से निकाला?
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (राष्ट्र प्रेस)। इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच रविवार को बे ओवल में वनडे सीरीज का पहला मैच खेला जा रहा है। इंग्लैंड ने कप्तान हैरी ब्रूक की शानदार शतकीय पारी की बदौलत खराब शुरुआत के बावजूद एक सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। न्यूजीलैंड के सामने जीत के लिए 224 रन का लक्ष्य रखा गया है।
इस मुकाबले में टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने पहली ही गेंद पर जेमी स्मिथ (0) का विकेट गंवा दिया।
टीम अभी संभल भी नहीं पाई थी कि दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर बेन डकेट (2) और छठी गेंद पर जो रूट (2) पवेलियन लौट गए।
हालात यह थे कि इंग्लैंड की टीम 56 के स्कोर तक छह विकेट गंवा चुकी थी। यहां से हैरी ब्रूक ने कप्तानी पारी खेलते हुए टीम को संभाला।
पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए ब्रूक ने जेमी ओवरटन के साथ 86 गेंदों में 87 रन जोड़ते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने की कोशिश की। जेमी ओवरटन ने 54 गेंदों में 1 छक्के और 6 चौकों की मदद से 46 रन बनाए।
हैरी ब्रूक ने 10वें विकेट के लिए ल्यूक वुड के साथ 32 गेंदों में 57 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 223 रन तक पहुंचाया। ब्रूक ने 101 गेंदों में 11 छक्कों और 9 चौकों की मदद से 135 रन बनाए।
न्यूजीलैंड की ओर से जकारी फाउलकेस ने 7 ओवरों में 41 रन देकर 4 विकेट लिए। वहीं, जैकब डफी ने 55 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। इसके अलावा, मैट हेनरी ने 2 और कप्तान मिचेल सेंटनर ने 1 विकेट अपने नाम किया।
इंग्लैंड के खिलाफ तीन मुकाबलों की टी20 सीरीज 0-1 से हारने के बाद न्यूजीलैंड की टीम इस बार तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज अपने नाम करने उतरी है।
दोनों देशों के बीच सीरीज का दूसरा मैच हैमिल्टन में 29 अक्टूबर को आयोजित होगा, जबकि वेलिंगटन में 1 नवंबर को सीरीज का तीसरा और अंतिम मैच खेला जाएगा।