ईएसआईसी में सीनियर रेजिडेंट के लिए भर्ती, इंटरव्यू की तिथि निर्धारित
सारांश
मुख्य बातें
गांधीनगर, 16 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) में नौकरी की चाह रखने वाले युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना आई है। ईएसआईसी ने श्रेणी और विभाग के अनुसार सीनियर रेजिडेंट (कॉन्ट्रैक्चुअल) के लिए कुल 6 पदों पर भर्ती हेतु अधिसूचना जारी की है।
ईएसआईसी द्वारा जारी अधिसूचना में सीनियर रेजिडेंट के लिए जिन 6 पदों पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, उनमें रेडियोलॉजी, ओबीजी (प्रसूति एवं स्त्रीरोग), ईएनटी, और पीडियाट्रिक्स के लिए 1-1 पद; तथा ऑर्थोपेडिक्स और जनरल मेडिसिन के लिए 2-2 पद शामिल हैं।
योग्य उम्मीदवारों का चयन वॉक-इन-इंटरव्यू और दस्तावेज़ सत्यापन के माध्यम से किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 1,35,129 रुपए की वेतन राशि मिलेगी, साथ ही अन्य भत्ते भी प्रदान किए जाएंगे।
इंटरव्यू में भाग लेने के लिए उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से संबंधित विषय में मास्टर डिग्री/पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा और एमबीबीएस की डिग्री होनी आवश्यक है। इसके अलावा, अन्य निर्धारित पात्रता, कौशल और अनुभव होना भी अनिवार्य है।
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु सीमा 45 वर्ष रखी गई है, जिसकी गणना 22 अप्रैल के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
वॉक-इन-इंटरव्यू 22 अप्रैल को 'ईएसआईसी अस्पताल - वापी, जिला-वलसाड (गुजरात)-396195' पर आयोजित किया जाएगा। इच्छुक उम्मीदवारों को इंटरव्यू में शामिल होने के लिए सुबह 09:00 बजे से 11:00 बजे तक उपस्थित होना होगा। ध्यान दें, जो उम्मीदवार 11:00 बजे के बाद आएंगे, उन्हें इंटरव्यू में शामिल नहीं किया जाएगा।
एप्लीकेशन फॉर्म प्राप्त करने के लिए उम्मीदवार को ईएसआईसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। होमपेज पर संबंधित पद के आधिकारिक नोटिफिकेशन लिंक पर क्लिक कर एप्लीकेशन फॉर्म डाउनलोड करना होगा। उसके बाद, सभी आवश्यक जानकारी भरकर, सभी दस्तावेजों के साथ आवेदन पत्र को इंटरव्यू के दिन केंद्र पर ले जाना होगा।