ग्रेटर नोएडा में छत पर पत्थर फेंकने का विरोध करने पर व्यापारी पर हमला, तीन पर मामला दर्ज
सारांश
Key Takeaways
- घटना ग्रेटर नोएडा के जहांगीरपुर में हुई।
- व्यापारी और उनके परिवार पर पड़ोसियों ने हमला किया।
- पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
- घटना में कई लोग घायल हुए।
- सीसीटीवी फुटेज महत्वपूर्ण साक्ष्य है।
ग्रेटर नोएडा, ६ मार्च (राष्ट्र प्रेस)। गौतमबुद्ध नगर के जेवर कोतवाली क्षेत्र के जहांगीरपुर कस्बे में छत पर पत्थर फेंकने के मामले में दो पक्षों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया। आरोप यह है कि जब व्यापारी और उनके परिवार ने पत्थर फेंकने का विरोध किया, तो पड़ोसियों ने उन पर और उनके परिवार के सदस्यों पर मारपीट की।
इस घटना में परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जहांगीरपुर के निवासी व्यापारी पुनीत अग्रवाल ने जेवर कोतवाली में शिकायत देकर बताया कि बुधवार को उनके पड़ोस में रहने वाले कुछ लोग उनकी घर की छत पर पत्थर फेंक रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करना शुरू कर दिया।
धीरे-धीरे यह मामूली कहासुनी एक बड़े विवाद में बदल गई। आरोप है कि पड़ोसी पुनीत उर्फ गुटकी, चेतन और कालीचरण ने उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने बल्ले से हमला किया, जिससे व्यापारी पुनीत अग्रवाल और उनके परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। इस मारपीट के दौरान इलाके में अफरातफरी
घटना के समय शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया। स्थानीय लोगों की मदद से मामला और बढ़ने से बच गया।
बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसे पुलिस जांच के दौरान महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में देख सकती है। घटना के बाद, पीड़ित पक्ष ने जेवर कोतवाली जाकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
कोतवाली प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों पुनीत, चेतन और कालीचरण के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।