क्या इंडिगो-एयर इंडिया ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की?
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 17 जून (राष्ट्र प्रेस) देश की प्रमुख विमानन कंपनियों इंडिगो और एयर इंडिया ने मंगलवार को दिल्ली के यात्रियों के लिए एक ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। इस एडवाइजरी में यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे बारिश के कारण घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करें।
इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट के माध्यम से बताया कि दिल्ली में बारिश के चलते ट्रैफिक अक्सर धीमा हो जाता है। इसलिए, यदि आप एयरपोर्ट की ओर जा रहे हैं, तो कृपया हमारे ऐप और वेबसाइट पर अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करने के बाद ही घर से निकलें।
इस पोस्ट में आगे कहा गया कि हमारी टीमें 24 घंटे ऑपरेशन के सुचारू संचालन के लिए काम कर रही हैं।
एयर इंडिया ने भी 'एक्स' पर पोस्ट में बताया कि दिल्ली में खराब मौसम के कारण उनकी उड़ानों का संचालन प्रभावित हो रहा है और कुछ उड़ानें डायवर्ट की जा रही हैं। कृपया एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जांचें। इसी तरह की एक अन्य एडवाइजरी पहले मुंबई के लिए भी जारी की गई थी।
इससे पहले, इंडिगो ने असम के विभिन्न शहरों को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने के लिए नई उड़ानों की घोषणा की थी।
कंपनी ने बताया कि 20 सितंबर से दिल्ली-जोरहाट मार्ग पर नई उड़ान चालू की जाएगी। साथ ही, गुवाहाटी-सिलचर और गुवाहाटी-डिब्रूगढ़ मार्गों पर भी सुबह की दैनिक सेवा शुरू की जाएगी। गुवाहाटी-नवी मुंबई फ्लाइट को विंटर शेड्यूल 2025 में शुरू किया जाएगा।
डीजीसीए के आंकड़ों के अनुसार, इंडिगो यात्री बाजार में हिस्सेदारी के आधार पर देश की सबसे बड़ी एयरलाइन है। अप्रैल में, इंडिगो की यात्री बाजार हिस्सेदारी 64.1 प्रतिशत थी, जबकि एयर इंडिया समूह की हिस्सेदारी 27.2 प्रतिशत रही। स्पाइसजेट की हिस्सेदारी 2.6 प्रतिशत थी।