आईपीएल 2026: केविन पीटरसन ने दिल्ली कैपिटल्स के मेंटॉर पद से दिया इस्तीफा

शेयर करें:
ऑडियो वॉइस लोड हो रही है…
आईपीएल 2026: केविन पीटरसन ने दिल्ली कैपिटल्स के मेंटॉर पद से दिया इस्तीफा

सारांश

आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले, केविन पीटरसन ने दिल्ली कैपिटल्स के मेंटॉर पद से इस्तीफा देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि वह इस भूमिका के लिए आवश्यक समय नहीं दे पाएंगे। जानें इस खबर के पीछे की पूरी कहानी।

मुख्य बातें

केविन पीटरसन ने दिल्ली कैपिटल्स के मेंटॉर पद से इस्तीफा दिया।
आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च को होगी।
पीटरसन ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 8,181 रन बनाए।
बीसीसीआई ने पहले चरण का शेड्यूल जारी किया।
पीटरसन कमेंट्री में वापसी करेंगे।

नई दिल्ली, 14 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का 19वां सीजन 28 मार्च से शुरू होने जा रहा है, इससे पहले इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर केविन पीटरसन ने दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) फ्रैंचाइजी के मेंटॉर पद से इस्तीफा दे दिया है। 45 वर्षीय पीटरसन ने कहा है कि वह इस भूमिका के लिए आवश्यक समय नहीं दे पाएंगे। हालांकि, वह इस टूर्नामेंट में कमेंट्री बॉक्स में वापसी करेंगे।

दिल्ली कैपिटल्स ने पिछले वर्ष फरवरी में पीटरसन को आईपीएल 2025 के लिए इस भूमिका में नियुक्त किया था। इस बीच, पीटरसन ने सपोर्ट स्टाफ के साथ काम किया, जिसमें क्रिकेट निदेशक वेणुगोपाल राव, हेड कोच हेमांग बदानी, असिस्टेंट कोच मैथ्यू मॉट और गेंदबाजी कोच मुनाफ पटेल शामिल थे।

इंग्लैंड के इस दिग्गज खिलाड़ी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर यह जानकारी साझा करते हुए कहा, "मैं इस आईपीएल सीजन में दिल्ली कैपिटल्स का मेंटॉर नहीं रह पाऊंगा। मैं इस काम के लिए आवश्यक समय नहीं दे सकता। सभी खिलाड़ियों को मेरी शुभकामनाएं। लेकिन, मैं कमेंट्री बॉक्स में आप सभी से फिर मिलूंगा। आईपीएल दुनिया की सबसे बेहतरीन लीग है। मैं आप सभी को देखने के लिए बेताब हूं।"

केविन पीटरसन ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 104 टेस्ट मैच खेले, जिसमें 47.28 की औसत से 8,181 रन बनाए। इसके अलावा, 136 वनडे मैचों में 40.73 की औसत से 4,440 रन, जबकि 37 टी20 मैचों में 37.93 की औसत से 831 रन बनाए।

दक्षिण अफ्रीका में जन्मे इस क्रिकेटर ने 2008 से 2009 तक इंग्लैंड की कप्तानी की थी। उन्हें टी20 विश्व कप 2010 में 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' का खिताब मिला था। उनके इस शानदार प्रदर्शन के चलते इंग्लैंड ने अपनी पहली आईसीसी ट्रॉफी जीती थी। पीटरसन ने आईपीएल में कुल 36 मैच खेले, जिसमें 37.07 की औसत से 1,001 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 4 अर्धशतक निकले।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बुधवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के पहले चरण का शेड्यूल जारी किया है। यह चरण 28 मार्च से 12 अप्रैल तक खेला जाएगा, जिसमें कुल 20 मैच 10 स्थानों पर आयोजित होंगे।

बीसीसीआई ने एक बयान में कहा, "चूंकि इस दौरान तीन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, इसलिए टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल चुनावों की तारीखें घोषित होने के बाद ही जारी किया जाएगा।"

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

केविन पीटरसन ने इस्तीफा क्यों दिया?
केविन पीटरसन ने कहा है कि वह दिल्ली कैपिटल्स के मेंटॉर पद के लिए आवश्यक समय नहीं दे पाएंगे।
आईपीएल 2026 कब शुरू होगा?
आईपीएल 2026 का पहला चरण 28 मार्च से शुरू होगा।
पीटरसन का आईपीएल करियर कैसा रहा?
पीटरसन ने आईपीएल में 36 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 1,001 रन बनाए हैं।
बीसीसीआई ने कब शेड्यूल जारी किया?
बीसीसीआई ने आईपीएल 2026 के पहले चरण का शेड्यूल बुधवार को जारी किया।
क्या पीटरसन कमेंट्री करेंगे?
हाँ, केविन पीटरसन आईपीएल 2026 में कमेंट्री बॉक्स में वापसी करेंगे।
राष्ट्र प्रेस
सिलसिला

जुड़े बिंदु

इस ख़बर के पीछे की कड़ियाँ — सबसे नई पहले।

8 बिंदु
  1. नवीनतम 2 सप्ताह पहले
  2. 3 सप्ताह पहले
  3. 1 महीना पहले
  4. 1 महीना पहले
  5. 1 महीना पहले
  6. 1 महीना पहले
  7. 1 महीना पहले
  8. 5 महीने पहले