आईपीएल 2026: क्या दिल्ली कैपिटल्स पथुम निसांका की जगह 26 वर्षीय सलामी बल्लेबाज को मौका देगी?
सारांश
मुख्य बातें
हैदराबाद, 21 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। आईपीएल 2026 का 31वां मुकाबला मंगलवार को राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) और दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के बीच खेला जाएगा। इस सीजन में डीसी के लिए ओपनिंग बल्लेबाजी एक बड़ी चुनौती रही है। ऐसे में, वह हैदराबाद के खिलाफ पृथ्वी शॉ को मौका दे सकती है।
दिल्ली कैपिटल्स की पारी की शुरुआत इस सीजन में केएल राहुल के साथ श्रीलंका के पथुम निसांका कर रहे हैं। हालिया 5 मैचों में निसांका ने एक भी प्रभावशाली पारी नहीं खेली है। उनके नाम एक भी अर्धशतक नहीं है और उन्होंने 5 पारियों में महज 128 रन बनाए हैं, जिसमें उनका सर्वाधिक स्कोर 44 रहा है। निसांका की असफलता से न केवल डीसी की शुरुआत प्रभावित हो रही है, बल्कि मध्यक्रम और निचले क्रम के बल्लेबाजों पर भी दबाव बढ़ रहा है।
डीसी का अगला मुकाबला हैदराबाद के खिलाफ है, जहां उन्हें निसांका की जगह पृथ्वी शॉ को मौका देने पर विचार करना चाहिए। शॉ एक विस्फोटक सलामी बल्लेबाज हैं और घरेलू क्रिकेट में उनकी सक्रियता जारी है। आईपीएल में उनका अनुभव भी काफी लंबा है। पिछले सीजन में शॉ को किसी टीम ने नहीं खरीदा था, लेकिन आईपीएल 2026 के लिए हुई नीलामी में डीसी ने उन पर भरोसा जताते हुए 75 लाख में उन्हें अपनी टीम में शामिल किया।
अब यह समय है कि डीसी शॉ को प्लेइंग इलेवन में शामिल करें और उन्हें केएल राहुल के साथ पारी की शुरुआत का मौका दें। शॉ उन खिलाड़ियों में शामिल हैं जो अपनी क्षमता को साबित करने के लिए एक मौके का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उनकी प्रतिभा पर किसी को कोई संदेह नहीं है, और अगर उन्हें मौका मिला, तो वह इसे प्रदर्शन में बदल सकते हैं, जिससे दिल्ली की ओपनिंग की समस्या का समाधान हो जाएगा और उनके आईपीएल का भविष्य भी सुधर जाएगा।
2018 से 2024 के बीच, शॉ ने 79 मैचों में 79 पारियों में 14 अर्धशतक लगाते हुए 1,892 रन बनाए हैं, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 99 है।