आईपीएल 2026: प्रियांश और प्रभसिमरन की जोड़ी ने पंजाब किंग्स के लिए बनाया नया रिकॉर्ड
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 16 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। आईपीएल 2026 के 24वें मैच में गुरुवार को मुंबई इंडियंस (एमआई) और पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के बीच मुकाबला हो रहा है। इस मैच में पीबीकेएस के बल्लेबाज प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह की सलामी जोड़ी ने कमाल कर दिखाया है।
पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस से मिले 196 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए ओपनिंग के लिए प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह को मैदान में उतारा। दोनों ने पहले ओवर में दीपक चाहर के खिलाफ ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए अपने इरादे स्पष्ट कर दिए। प्रियांश-प्रभसिमरन ने पहले ओवर में 21 रन जुटाकर आईपीएल में पीबीकेएस के लिए पहले ओवर में बनाए गए सर्वाधिक रन का नया रिकॉर्ड बनाया।
प्रियांश और प्रभसिमरन ने दीपक चाहर के ओवर में 3 चौके और 1 छक्का लगाया। इस जोड़ी ने अपने ही पिछले रिकॉर्ड को तोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की। पिछले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ इन दोनों ने पहले ओवर में 18 रन बनाए थे। हालाँकि, प्रियांश बल्ले से कुछ खास नहीं कर सके और 9 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हो गए। कूपर कोनोली भी 12 गेंदों में 17 रन बनाकर अल्लाह गजनफर का शिकार बने।
इससे पहले, मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 195 रन बनाए। एमआई की तरफ से क्विंटन डी कॉक ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 60 गेंदों में 112 रनों की नाबाद पारी खेली। डी कॉक ने अपनी शतकीय पारी में 186 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 8 चौके और 7 छक्के लगाए। वहीं, नमन धीर ने 31 गेंदों का सामना करते हुए 50 रन बनाए।
कप्तान हार्दिक पांड्या ने 14 रनों का योगदान दिया, जबकि रयान रिकेल्टन केवल 2 रन बनाकर आउट हो गए। गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 22 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि शशांक सिंह और मार्को जानसेन ने एक-एक विकेट निकाला। मुंबई इंडियंस ने इस मैच के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए हैं। चोटिल रोहित शर्मा की जगह क्विंटन डी कॉक को मौका दिया गया है, जबकि मिचेल सैंटनर के स्थान पर मयंक रावत खेल रहे हैं।
राष्ट्र प्रेस
एसएम/डीकेपी