प्रियांश आर्या और कूपर कोनोली की शानदार साझेदारी से पंजाब किंग्स ने एलएसजी के खिलाफ बनाए 254 रन
सारांश
मुख्य बातें
न्यू चंडीगढ़, 19 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। आईपीएल 2026 के 29वें मैच में रविवार को पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) का मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) से हुआ। मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करने आई पंजाब किंग्स की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। प्रभसिमरन सिंह को मोहम्मद शमी ने बिना कोई रन बनाए पवेलियन भेज दिया। इसके बाद कूपर कोनोली और प्रियांश आर्या ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 80 गेंदों में 182 रनों की शानदार साझेदारी की। प्रियांश ने केवल 37 गेंदों का सामना करते हुए 93 रन की अद्भुत पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 4 चौके और 9 गगनचुंबी छक्के लगाए।
कोनोली ने 46 गेंदों में 87 रन की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें उन्होंने 189 के स्ट्राइक रेट से 8 चौके और 7 छक्के जड़े। कप्तान श्रेयस अय्यर बल्ले से प्रभावी नहीं रहे और 6 गेंदों का सामना करके सिर्फ 5 रन बनाकर मोहसिन खान का शिकार हुए। नेहल वढ़ेरा भी 7 गेंदों में 13 रन बनाकर एम सिद्धार्थ के हाथों आउट हुए।
इसके बाद मार्कस स्टोइनिस और शशांक ने छठे विकेट के लिए 17 गेंदों में 44 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। शशांक ने 6 गेंदों में 17 रन बनाए, वहीं स्टोइनिस ने 16 गेंदों में 29 रन बनाकर रनआउट हो गए। गेंदबाजी में एलएसजी की तरफ से प्रिंस यादव ने 25 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि एम सिद्धार्थ ने 35 रन देकर 2 विकेट निकाले। मोहम्मद शमी और मोहसिन खान ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स इस मैच में प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, कूपर कोनोली, शशांक सिंह, नेहल वढेरा, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसेन, जेवियर बार्टलेट, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल के साथ खेल रही है।
लखनऊ सुपर जायंट्स ऋषभ पंत की अगुवाई में इस मैच में एडेन मार्करम, मिचेल मार्श, निकोलस पूरन, आयुष बदोनी, मुकुल चौधरी, मोहम्मद शमी, आवेश खान, प्रिंस यादव, मणिमारन सिद्धार्थ और मोहसिन खान के साथ मैदान पर उतरी है।