क्या डब्ल्यूडब्ल्यूई छोड़ने का मतलब सफर खत्म होना है? जॉन सीना को लेकर रणदीप हुड्डा ने किया पोस्ट
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 15 दिसंबर (राष्ट्र प्रेस)। डब्ल्यूडब्ल्यूई की रिंग से लेकर हॉलीवुड के बड़े पर्दे तक, जॉन सीना ने अपनी मेहनत और लगन के कारण करोड़ों लोगों के दिलों में खास स्थान बनाया है। हाल ही में उन्होंने इस रिंग से सन्न्यास ले लिया है। इसी अवसर पर अभिनेता रणदीप हुड्डा ने जॉन सीना के साथ अपने अनुभव साझा किए और उन्हें एक प्रेरक व्यक्तित्व बताया। रणदीप इस समय जॉन सीना के साथ फिल्म ‘मैचबॉक्स’ में कार्यरत हैं।
रणदीप ने सोशल मीडिया पर जॉन सीना के लिए एक नोट लिखा, जिसमें उन्होंने कहा, ''जॉन सीना के साथ काम करते समय मैंने एक बड़ी पर्सनैलिटी के पीछे एक साधारण इंसान को देखा। उनका व्यक्तित्व अनुशासित, जमीन से जुड़ा और दिल से उदार है। चाहे वह डब्ल्यूडब्ल्यूई रिंग में हों या फिल्मी पर्दे पर, उनका सफर हमेशा कड़ी मेहनत और विनम्रता से भरा रहा है।''
रणदीप ने कहा, ''जॉन सीना की यह यात्रा यह दर्शाती है कि सफलता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि लगातार मेहनत और ईमानदारी से आती है। उनका अनुशासन और लगन उन्हें लाखों लोगों के लिए प्रेरणा बनाता है।''
रणदीप ने आगे कहा, ''जॉन सीना ने हर उम्र के लोगों को प्रेरित किया है। उनके फैंस केवल युवाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बच्चे से लेकर बुजुर्गों तक सभी उनकी मेहनत और इंसानियत की सराहना करते हैं।''
रणदीप ने यह भी कहा, ''डब्ल्यूडब्ल्यूई छोड़ने का मतलब यह नहीं है कि उनका सफर खत्म हो गया है, बल्कि यह उनके करियर और उपलब्धियों का जश्न मनाने का समय है। वह एक सच्चे लेजेंड और प्रेरक हैं।''
उन्होंने बताया कि सीना और उनके फैंस के बीच जो जुड़ाव है, वह अनोखा है। यह जुड़ाव उम्र, पुरुष-महिला, संस्कृति या पृष्ठभूमि की सीमाओं से परे है। हर तरह के लोग उन्हें पसंद करते हैं और उनका आदर करते हैं। यह सब दर्शाता है कि उन्होंने एक इंसान के रूप में दुनिया पर गहरा प्रभाव छोड़ा है। उनकी विनम्रता प्रशंसकों के दिलों में हमेशा जिंदा रहेगी।