क्या राहुल गांधी जनता की राजनीति को समझ चुके हैं? इंदौर जाकर सहानुभूति बटोरना चाहते हैं: जफर इस्लाम
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 17 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इंदौर में दूषित पानी से प्रभावित लोगों से मिलने पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद जफर इस्लाम ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जिस प्रकार की राजनीति करते हैं, उसे अब लोग समझ चुके हैं।
जफर इस्लाम ने राष्ट्र प्रेस समाचार एजेंसी से बातचीत में कहा कि जब भी भाजपा शासित राज्य में कोई दुखद घटना होती है, जिसमें किसी की जान जाती है, तो यह निश्चित रूप से दुखद है। लेकिन कांग्रेस नेता उस दुख में भी राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश करते हैं।
उन्होंने कहा कि जनता देख रही है कि कई मौकों पर राहुल गांधी की मौजूदगी आवश्यक होती है, लेकिन वह वहां नहीं होते। राहुल गांधी अक्सर संसद के बाहर और विदेश यात्रा में रहते हैं। उन्होंने कहा कि इंदौर जाकर राहुल गांधी सहानुभूति बटोरना चाहते हैं, लेकिन अब जनता इस प्रकार की राजनीति को नहीं स्वीकार करने वाली।
बीएमसी चुनाव पर जफर इस्लाम ने कहा कि भाजपा हमेशा से कहती आई है कि जनता केवल बयानबाजी नहीं, बल्कि काम और उसकी डिलीवरी देखना चाहती है। पिछले कुछ वर्षों में यह स्पष्ट हो चुका है, क्योंकि राज्य और केंद्र में भाजपा की सरकार है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बीएमसी कई वर्षों से मौजूद है, लेकिन मुंबई की स्थिति में कोई विशेष सुधार नहीं हुआ है। इसके विपरीत, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में महाराष्ट्र में बड़े पैमाने पर विकास कार्य हुए हैं। कोस्टल रोड, अटल सेतु और मेट्रो नेटवर्क जैसी बड़ी परियोजनाएं फडणवीस सरकार की उपलब्धियां हैं।
जफर इस्लाम ने कहा कि मुख्यमंत्री जनता की सुविधाओं को प्राथमिकता देकर काम कर रहे हैं। यही वजह है कि ठाकरे परिवार का जनता के साथ भावनात्मक जुड़ाव अब खत्म हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि बीएमसी चुनाव ने यह निर्धारित कर दिया है कि फडणवीस के नेतृत्व में भाजपा, एनडीए और महायुति की सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी उतरती है।