नीतीश कुमार ने 4954 नवनियुक्त एएनएम को नियुक्ति पत्र दिया, किया समर्पण का आह्वान
सारांश
मुख्य बातें
पटना, 8 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को 4954 नवनियुक्त महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं (एएनएम) को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। यह समारोह पटना के शास्त्रीनगर में स्थित ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रतीकात्मक रूप से विनीता कुमारी, स्वाति कुमारी और रौशनी कुमारी को नियुक्ति पत्र दिए। उन्होंने नवनियुक्त एएनएम को बधाई देते हुए कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि सभी नए कर्मचारी अपने कर्तव्यों को ईमानदारी और निष्ठा से निभाएंगी।
इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय और मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और नियुक्ति पत्र पाने वाली एएनएम भी मौजूद थीं। स्वास्थ्य मंत्री ने भी इन महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर विश्वास जताते हुए लिखा कि 4954 एएनएम की नियुक्तियों से बिहार का स्वास्थ्य तंत्र और भी मजबूत होगा। उनका कहना था, "एएनएम हर गांव और शहर में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार नियोजन और प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस नियुक्ति से बिहार का स्वास्थ्य तंत्र और अधिक सशक्त होगा।"
मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि इनकी निष्ठा और मेहनत से बिहार के हर कोने में सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचेंगी।
गौरतलब है कि नीतीश कुमार राज्यसभा के सदस्य के रूप में निर्वाचित हुए हैं और वे गुरुवार को दिल्ली जाने वाले हैं, जहां शुक्रवार को उनका शपथ ग्रहण होने की संभावना है।