प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा के स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को दी शुभकामनाएं, 'इंडिया फर्स्ट' का किया उल्लेख
सारांश
Key Takeaways
- भाजपा ने 'इंडिया फर्स्ट' के सिद्धांत से समाज सेवा में अग्रणी बनने का संकल्प लिया है।
- प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यकर्ताओं की निष्ठा और उनके योगदान की प्रशंसा की।
- राजनाथ सिंह ने भाजपा की स्थिति को विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में रेखांकित किया।
नई दिल्ली, 6 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थापना दिवस पर देशभर के पार्टी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है, जो जनकल्याण को अपने दृष्टिकोण का केंद्र बनाती है। यह स्पष्ट रूप से केंद्र और विभिन्न राज्यों में हमारे कार्यों में दिखता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "हमारी पार्टी हमेशा 'इंडिया फर्स्ट' के सिद्धांत से प्रेरित होकर समाज सेवा में अग्रणी रही है। भाजपा अपने दृष्टिकोण में जनकल्याण को प्राथमिकता देती है। यह बात केंद्र तथा विभिन्न राज्यों में हमारे कार्यों से स्पष्ट है। भाजपा 'विकसित भारत' के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा सामूहिक संकल्प इस लक्ष्य को आगे बढ़ाएगा और भारत को प्रगति एवं समृद्धि के नए आयामों तक ले जाएगा।"
मोदी ने इस अवसर पर कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करते हुए कहा, "हमारे कार्यकर्ता निस्वार्थ सेवा, अटूट समर्पण और सुशासन के प्रति गहरी प्रतिबद्धता के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने जमीनी स्तर पर कठिन परिश्रम करते हुए अधिक से अधिक लोगों को हमारी विचारधारा से जोड़ा है। हम उन अनगिनत कार्यकर्ताओं को भी याद करते हैं, जिनकी निष्ठा, त्याग और संघर्ष ने दशकों में पार्टी के विकास को आकार दिया है।"
उन्होंने 'एक्स' पर एक अन्य पोस्ट में लिखा, "दृढ़ संकल्प वह शक्ति है, जो कठिन से कठिन चुनौती को भी आसान बना देती है। हमारे परिश्रमी कार्यकर्ता इसके जीवंत उदाहरण हैं, जिन्होंने भाजपा को इस ऐतिहासिक ऊंचाई तक पहुंचाया है। पार्टी के स्थापना दिवस पर उन्हें मेरी ढेरों शुभकामनाएं।"
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने एक 'संस्कृत सुभाषितम्' भी साझा किया। उन्होंने लिखा, "सिद्धिः साध्ये सतामस्तु प्रसादात्तस्य धूर्जटेः। जाह्नवीफेनलेखेव यन्मूर्ध्नि शशिनः कला॥" इसका अर्थ है, "जिन महादेव के मस्तक पर गंगा के झाग की रेखा के समान चंद्रमा की कला सुशोभित होती है, उन महादेव की कृपा से दृढ़ संकल्प वाले सज्जनों के कार्य सफलता को प्राप्त हों।"
भाजपा के स्थापना दिवस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा आज न केवल विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है, बल्कि भारतीय राजनीति के शिखर पर भी स्थापित हो गई है। भाजपा, समाज के सभी वर्गों के विकास और उनके कल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।"
राजनाथ सिंह ने आगे लिखा, "आज भाजपा, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प के साथ पूरी शक्ति और युक्ति से काम कर रही है। इस कार्य में भारत की जनता का हमें पूरा विश्वास और समर्थन मिल रहा है। इस स्थापना दिवस पर भाजपा के हर कार्यकर्ता का यह दायित्व है कि वह विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को और मजबूत करे और इसके प्रति निष्ठा एवं समर्पण से कार्य करे।"
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, "जनसंघ काल से लेकर आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनने तक की यह यात्रा असंख्य कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या और बलिदान की कहानी है। श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के 'अंत्योदय' के जिस स्वप्न को लेकर हम चले थे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व में वह धरातल पर साकार हो रहा है।"
उन्होंने आह्वान करते हुए कहा, "आइए, स्थापना दिवस के इस अवसर पर हम 'राष्ट्र प्रथम' के संकल्प को पुनः दोहराएं और मिलकर एक 'विकसित भारत' के निर्माण के लिए अपनी पूरी ऊर्जा के साथ जुट जाएं।"