क्या स्मृति मंधाना बनीं टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 4 हजार रन बनाने वाली पहली भारतीय महिला?
सारांश
मुख्य बातें
विशाखापत्तनम, 21 दिसंबर (राष्ट्र प्रेस)। भारत की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 4 हजार रन का अद्भुत आंकड़ा छूने वाली पहली भारतीय महिला का खिताब हासिल किया है। स्मृति ने यह कारनामा रविवार को श्रीलंका के खिलाफ एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच के दौरान किया।
इस बाएं हाथ की बल्लेबाज ने श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज के पहले मैच में 25 गेंदों में 25 रन बनाकर यह उपलब्धि हासिल की। इस पारी में उन्होंने 4 चौके भी लगाए।
मंधाना ने अब तक 154 टी20 मुकाबलों की 148 पारियों में 29.90 की औसत से 4,007 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और 31 अर्धशतक शामिल हैं।
महिलाओं के टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स के नाम है, जिन्होंने 177 मुकाबलों में 29.11 की औसत के साथ 4,716 रन बनाए हैं। सूजी ने इस फॉर्मेट में 1 शतक और 28 अर्धशतक भी लगाए हैं।
इस लिस्ट में हरमनप्रीत कौर तीसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 183 मुकाबलों में 3,600 से अधिक रन बनाए हैं, और एक शतकीय पारी भी खेल चुकी हैं।
इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने वाली श्रीलंकाई टीम ने निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर 121 रन बनाए।
श्रीलंका की ओर से विश्मी गुणरत्ने ने 43 गेंदों में 39 रन बनाये। उनके अलावा, हसिनी परेरा ने 20 रन और हर्षिता माधवी ने 21 रन का योगदान दिया। भारत की ओर से क्रांति गौड़, दीप्ति शर्मा और श्री चरणी ने 1-1 विकेट लिया।
दोनों देशों के बीच टी20 सीरीज के बचे हुए मुकाबले 23, 26, 28 और 30 दिसंबर को होंगे। पहले दो मैच विशाखापत्तनम के एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में और अगले तीन तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जाएंगे।