10,800 वाहनों को ले जाने में सक्षम जहाज ने समुद्री परीक्षणों की शुरुआत की
सारांश
मुख्य बातें
बीजिंग, 31 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। दक्षिण कोरिया की एचएमएम कंपनी के लिए चीनी राज्य जहाज निर्माण निगम (सीएसएससी) के अधीन क्वांगचो शिपयार्ड इंटरनेशनल द्वारा निर्मित 10,800 वाहनों की क्षमता वाला एलएनजी दोहरे ईंधन वाला प्रमुख कार वाहक जहाज अब समुद्री परीक्षणों की ओर अग्रसर है।
यह विश्व का पहला दोहरे ईंधन वाला कार वाहक है, जो 10,000 वाहनों को ले जाने में सक्षम है।
इस जहाज की लंबाई 230 मीटर और चौड़ाई 40 मीटर है, जबकि इसका संरचनात्मक ड्राफ्ट 10.5 मीटर है। इसकी गति लगभग 19 समुद्री मील है, जो कुशल परिवहन और स्थिर नौवहन के बीच एक आदर्श संतुलन प्रदान करती है।
इस जहाज में 14 डेक वाला गैराज डिजाइन है, जो विभिन्न प्रकार के वाहनों को, जैसे कि इलेक्ट्रिक वाहन, हाइड्रोजन ऊर्जा वाहन और भारी ट्रक, लचीले ढंग से लोड करने की सुविधा देता है, और इसकी अधिकतम क्षमता प्रति जहाज 10,800 वाहनों की है।
यह जहाज डीजल और एलएनजी के दोहरे ईंधन प्रणोदन प्रणाली का उपयोग करता है, साथ ही इसमें एक शाफ्ट-चालित जनरेटर भी है, जो इसे नौकायन के दौरान बिजली उत्पन्न करने में सक्षम बनाता है, जिससे ऊर्जा संरक्षण और उत्सर्जन में कमी आती है। इस जहाज का पर्यावरणीय प्रदर्शन उत्कृष्ट है और यह अंतर्राष्ट्रीय समुद्री संगठन के तीसरे स्तर के उत्सर्जन मानकों को पूरा करता है।
यह ध्यान देने योग्य है कि कार वाहक जहाज उच्च तकनीक वाले और उच्च मूल्य वर्धित पोत होते हैं, जिनका निर्माण कठिन और तकनीकी रूप से उन्नत होता है। 10,000 वाहनों की क्षमता वाले इस जहाज के निर्माण और समुद्री परीक्षण के पूरा होने से यह स्पष्ट होता है कि क्वांगचो शिपयार्ड इंटरनेशनल ने इस श्रेणी के जहाजों के निर्माण में महारत हासिल कर ली है और इस बाजार में अपनी अग्रणी स्थिति बनाए रखा है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)