अक्षरा सिंह की फ़िल्म 'अम्बे है मेरी मां' का टेलीविजन पर भव्य प्रीमियर
सारांश
Key Takeaways
- अक्षरा सिंह की फ़िल्म 'अम्बे है मेरी मां' का प्रीमियर 28 मार्च को होगा।
- फ़िल्म का प्रसारण बी4यू भोजपुरी चैनल पर होगा।
- यह फ़िल्म दहेज प्रथा पर आधारित है।
- प्रमुख गीत 'अम्बे है मेरी मां' नवरात्रि में विशेष रूप से लिया गया है।
- अक्षरा सिंह की यह फ़िल्म उनके लंबे समय बाद की पहली रिलीज है।
मुंबई, २४ मार्च (राष्ट्र प्रेस)। भोजपुरी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री अक्षरा सिंह की बहुप्रतीक्षित फ़िल्म 'अम्बे है मेरी मां' का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर जल्द ही होने जा रहा है। मंगलवार को फ़िल्म के निर्माता ने इंस्टाग्राम पर इस बात की पुष्टि की।
निर्माताओं ने फ़िल्म का एक प्रोमो वीडियो साझा किया। उन्होंने बताया, "इस फ़िल्म का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर २८ मार्च को होगा। यह फ़िल्म बी4यू भोजपुरी चैनल पर दो बार प्रसारित की जाएगी। पहला प्रसारण २८ मार्च शनिवार को शाम ६:३० बजे और दूसरा प्रसारण २९ मार्च रविवार को सुबह ९:३० बजे होगा।"
साथ ही, निर्माताओं ने लिखा, "फ़िल्म का प्रसिद्ध गीत 'अम्बे है मेरी मां' चैत्र नवरात्रि में अवश्य सुनें।"
यह गीत नवरात्रि के पावन अवसर पर विशेष रूप से तैयार किया गया है। इसमें माँ दुर्गा के प्रति भक्ति और कृपा का सुंदर प्रदर्शन किया गया है।
प्रवीण कुमार गुडूरी द्वारा निर्देशित इस फ़िल्म की कहानी दहेज प्रथा पर आधारित है। अक्षरा सिंह इसमें मुख्य भूमिका निभा रही हैं। वे बचपन से माँ अम्बे की सच्ची भक्त हैं और शादी के बाद ससुराल में दहेज लोभियों के खिलाफ संघर्ष करती दिखाई देंगी। माँ दुर्गा उनकी सहायता के लिए 'मौसी' के रूप में आती हैं और दहेज के लालचियों को सबक सिखाती हैं। इस फ़िल्म में पाखी हेगड़े माँ अम्बे के किरदार में नजर आएंगी।
निर्देशक ने फ़िल्म को पुरानी हिंदी फ़िल्मों की तर्ज पर बनाया है, जिसमें देवी-भक्ति, पारिवारिक ड्रामा और नैतिक शिक्षा पर जोर दिया गया है। अब देखना होगा कि दर्शक फ़िल्म को किस प्रकार का रिस्पॉन्स देते हैं, क्योंकि यह अक्षरा की लंबे समय बाद पहली रिलीज होगी।
इस फ़िल्म में अक्षरा और पाखी हेगड़े के अलावा राकेश बाबू, देव सिंह, प्रेम दुबे, विद्या सिंह, रामसुजान सिंह, निशा सिंह, निशा तिवारी, इन्द्रसेन सिंह, सुवेश, प्रीति राज, मंटू, राहुल शर्मा, प्रिया पारुल, शीतल यादव, प्रिया चौधरी और बाल कलाकार के रूप में स्वस्तिका राय और गुनगुन शामिल हैं।