अनुपम खेर की फिल्म 'तन्वी द ग्रेट' को सिद्धार्थ काक का सराहना भरा संदेश
सारांश
Key Takeaways
- फिल्म 'तन्वी द ग्रेट' एक महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दे को छूती है।
- सिद्धार्थ काक की प्रशंसा ने फिल्म को और अधिक मान्यता दिलाई है।
- अनुपम खेर का निर्देशन और अभिनय प्रशंसा का पात्र है।
- फिल्म ने दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त की है।
- यह फिल्म परिवार, सेना और राष्ट्रीय सम्मान के विषयों को दर्शाती है।
मुंबई, २४ मार्च (राष्ट्र प्रेस)। भारतीय डॉक्यूमेंट्री निर्माता, टेलीविजन प्रस्तुतकर्ता और लेखक सिद्धार्थ काक, जो मुख्य रूप से दूरदर्शन के प्रतिष्ठित सांस्कृतिक शो 'सुरभि' के निर्माता और होस्ट के रूप में जाने जाते हैं, ने अनुपम खेर द्वारा निर्देशित और अभिनीत फिल्म 'तन्वी द ग्रेट' की सराहना करते हुए एक वीडियो साझा किया।
इस वीडियो में, सिद्धार्थ काक फिल्म की कहानी, पात्र और सभी कलाकारों के अभिनय की तारीफ करते हुए दिखाई दे रहे हैं। उनका कहना है, "यह फिल्म परिवार, असली जीवन, सेना और राष्ट्रीय सम्मान जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों को एक साथ प्रस्तुत करती है, जिन्हें एक खूबसूरत और अनोखे अंदाज में पर्दे पर दिखाया गया है।"
अनुपम खेर ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर सिद्धार्थ काक का यह वीडियो साझा किया और लिखा, "प्रिय सिद्धार्थ काक, 'तन्वी द ग्रेट' के लिए आपके सुंदर और उदार शब्दों के लिए धन्यवाद। आपकी ये प्रशंसा हमारे लिए बेहद खास है। आप भारतीय मनोरंजन जगत की सबसे मान्यता प्राप्त आवाजों में से एक हैं और 'सुरभि' के माध्यम से आप हमारी सांस्कृतिक चेतना का अभिन्न हिस्सा बन गए हैं।"
उन्होंने आगे लिखा, "आपके शब्दों में गहराई और आत्मीयता निहित है, इसलिए जब आप हमारी फिल्म की प्रशंसा करते हैं, तो यह हमारे लिए एक आशीर्वाद जैसा लगता है। आपके वीडियो और आपकी दयालुता ने हमें बहुत प्रभावित किया है। यह हमारे लिए बहुत मायने रखता है।"
गौरतलब है कि 'तन्वी द ग्रेट' एक हिंदी ड्रामा फिल्म है, जो पिछले साल १८ जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस फिल्म का निर्देशन अनुपम खेर ने किया है और इसमें उन्होंने एक महत्वपूर्ण भूमिका भी निभाई है। फिल्म की कहानी एक ऑटिस्टिक लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने शहीद पिता का अधूरा सपना पूरा करने के लिए भारतीय सेना में शामिल होने का निर्णय लेती है।
इसमें शुभांगी दत्त (तन्वी) मुख्य भूमिका में हैं। इनके साथ अनुपम खेर (कर्नल प्रताप रैना), जैकी श्रॉफ (ब्रिगेडियर जोशी), अरविंद स्वामी (मेजर श्रीनिवासन), बोमन ईरानी (राजा साहब), पल्लवी जोशी (विद्या रैना) और करण टैकर (कैप्टन समर रैना) ने महत्वपूर्ण किरदार निभाए हैं। फिल्म की कहानी और कलाकारों के उत्कृष्ट अभिनय को दर्शकों से सराहना मिली है।