क्या हाउसफुल-5 में अक्षय कुमार के साथ काम करना एक नई दोस्ती की शुरुआत है?
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 22 जून (राष्ट्र प्रेस)। बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह ने समाचार एजेंसी राष्ट्र प्रेस के साथ बातचीत में हाउसफुल-5 में अक्षय कुमार के साथ काम करने के अनुभव को साझा किया।
फिल्म 'हाउसफुल 5' में अक्षय कुमार के साथ पुनः काम करने पर चित्रांगदा ने कहा कि पहले जो रिश्ता केवल पेशेवर था, वह अब एक मजबूत दोस्ती में बदल गया है।
'खिलाड़ी कुमार' के साथ दोबारा काम करने के अनुभव पर चित्रांगदा ने बताया, "मुझे लगता है कि वह सेट पर खुद का मनोरंजन करने के लिए शरारतें करते हैं। उनकी ऊर्जा वैसी ही है, जैसी पिछली फिल्म के दौरान थी। जब मैंने पहली बार उनके साथ काम किया था, तब हमारे बीच इतनी दोस्ती नहीं थी। अब हम अच्छे दोस्त बन गए हैं।"
अभिनेत्री ने अक्षय के मिलनसार और मार्गदर्शक स्वभाव की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह व्यक्तिगत और पेशेवर दोनों संदर्भों में मदद करते हैं। मुझे लगता है कि मैं किसी भी सलाह के लिए उन्हें कभी भी कॉल कर सकती हूं। सेट पर भी, वह मुझे कई चीजें समझाते रहते हैं। मैं अक्सर उनसे पूछती थी, क्या मुझे इसे अलग तरीके से करना चाहिए? क्या यह बहुत ज्यादा है? क्या मुझे कम काम करना चाहिए?
चित्रांगदा सिंह ने 2011 में डेविड धवन के बेटे रोहित धवन द्वारा निर्देशित कॉमेडी फिल्म "देसी बॉयज" में अक्षय कुमार के साथ काम किया था, जिसमें जॉन अब्राहम और दीपिका पादुकोण भी शामिल थे।
तरुण मनसुखानी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘हाउसफुल 5’ 6 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, जिसमें दो क्लाइमेक्स हैं। इस फिल्म का निर्माण साजिद नाडियाडवाला ने अपनी प्रोडक्शन कंपनी नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट के तहत किया है।
‘हाउसफुल’ सीरीज की पहली फिल्म साल 2010 में रिलीज हुई थी। दूसरी फिल्म 2012 में आई। इन दोनों का निर्देशन साजिद खान ने किया था। ‘हाउसफुल 3’ 2016 में रिलीज हुई, जिसे साजिद-फरहाद ने निर्देशित किया। चौथी फिल्म 2019 में आई और इसका निर्देशन फरहाद सामजी ने किया था।