सारा अर्जुन के जन्मदिन पर पिता राज अर्जुन का भावुक संदेश: 'तुम मेरी दुनिया हो'
सारांश
मुख्य बातें
अभिनेत्री सारा अर्जुन के जन्मदिन पर उनके पिता और अभिनेता राज अर्जुन ने 18 जून को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावपूर्ण संदेश साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि बेटी के आने से उनकी जिंदगी किस तरह बदल गई। बेटी के साथ खींची गई खास तस्वीरों के साथ लिखे इस पोस्ट ने सोशल मीडिया पर लोगों का दिल छू लिया।
राज अर्जुन का भावुक संदेश
राज अर्जुन ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'सारा, मेरी बच्ची... आज तुम्हारी सालगिरह है। जब भी तुम्हारा नाम लिखने बैठता हूं, हर बार कोई नज़्म-सी बनने लगती है। शायद इसलिए कि कुछ नाम सिर्फ नाम नहीं होते, वे एक एहसास होते हैं, एक दुआ, एक सुकून, एक पूरा आसमान।'
उन्होंने आगे लिखा, 'तुम्हारे आने से पहले भी जिंदगी चल रही थी। दिन गुजरते थे, रातें कट जाती थीं। सब कुछ था… बस जैसे किसी घर में चराग तो जलता हो, मगर रौशनी न ठहरती हो। फिर तुम आईं और मेरी उम्र के बिखरे हुए लम्हों में रौनक उतरने लगी। तुम्हारे होने का सुकून वैसा है, जैसे लंबी थकान के बाद किसी पेड़ की छांव और दुआ के बाद दिल पर उतरती हुई खामोशी।'
'जिंदगी का जवाब तुम हो'
अपनी भावनाओं को और गहराई से व्यक्त करते हुए राज अर्जुन ने लिखा, 'लोग अक्सर पूछते हैं कि जिंदगी ने क्या दिया? मैं हर बार कोई जवाब नहीं देता। क्योंकि कुछ जवाब अल्फाज में नहीं दिए जाते। बस उन्हें देखा जाता है। महसूस किया जाता है। मेरे लिए वो जवाब तुम हो।'
उन्होंने आगे कहा, 'और सच तो ये है कि मैं तुम्हारे लिए कोई दुआ नहीं करता। कुछ रिश्ते दुआ से आगे निकल जाते हैं। उनके लिए सिर्फ सिर झुकाकर शुक्र अदा किया जाता है। रब का भी, वक्त का भी और उस रहमत का भी जो एक दिन मेरी गोद में उतर आई थी कि उसने मेरी जिंदगी के सफ़्हों पर तुम्हारा नाम लिख दिया।'
पोस्ट का समापन करते हुए उन्होंने लिखा, 'सालगिरह मुबारक, मेरी जान। तुम हो तो मेरी सुबहों में रोशनी है। तुम हो तो मेरी शामों में सुकून है। तुम हो तो मेरी दुआओं में यकीन है और तुम हो तो मेरी दुनिया है।'
सारा अर्जुन का करियर
सारा अर्जुन भारतीय मनोरंजन जगत की सबसे चर्चित बाल कलाकारों में गिनी जाती हैं। बेहद कम उम्र में करियर की शुरुआत करते हुए उन्होंने पहले कई टेलीविजन विज्ञापनों में काम किया, फिर बड़े पर्दे पर सफलतापूर्वक कदम रखा। उन्होंने हाल ही में चर्चित फिल्म 'धुरंधर' में रणवीर सिंह के साथ अभिनय कर व्यापक ध्यान आकर्षित किया। इसके अलावा वह कई भाषाओं की उल्लेखनीय परियोजनाओं में काम कर चुकी हैं।
राज अर्जुन का अभिनय सफर
राज अर्जुन बॉलीवुड में अपनी सशक्त और यादगार भूमिकाओं के लिए पहचाने जाते हैं। 'सीक्रेट सुपरस्टार', 'थलाइवी' और 'शेरशाह' जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों दोनों की सराहना मिली है। पिता-पुत्री की यह जोड़ी मनोरंजन जगत में अपनी अलग पहचान रखती है।