शिल्पा शेट्टी ने सिब्लिंग्स डे पर बहन शमिता संग साझा की बचपन की यादें
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 10 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। फिल्मी सितारे भी आम लोगों की तरह अपने परिवार के साथ बिताए गए खास पलों को संजोकर रखते हैं और उन्हें विशेष अवसरों पर फैंस के साथ साझा करते हैं। इस कड़ी में अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने सिब्लिंग्स डे के मौके पर अपनी छोटी बहन शमिता शेट्टी के साथ बिताई यादों को साझा किया।
शिल्पा शेट्टी ने अपने इंस्टाग्राम पर एक विशेष वीडियो साझा किया, जिसमें उनके बचपन से लेकर अब तक के कई अनदेखे पल शामिल हैं। इस वीडियो में दोनों बहनों की मस्ती, हंसी और उनके बीच की गहरी बॉन्डिंग साफ नजर आती है।
वीडियो में विभिन्न तस्वीरों के साथ मजेदार लाइन्स भी जोड़ी गई हैं। कुछ तस्वीरों में दोनों अलग अंदाज में खड़ी नजर आ रही हैं, तो कहीं खाने की बात सुनते ही उनका उत्साह देखने को मिल रहा है।
इस वीडियो में रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण की फिल्म 'तमाशा' का गाना 'मटरगश्ती' का इस्तेमाल किया गया है, जिसे मोहित चौहान ने गाया है। गाने की मस्ती और वीडियो का इमोशन एक-दूसरे के साथ पूरी तरह मेल खा रहे हैं।
शिल्पा ने कैप्शन में लिखा, ''बहनों का रिश्ता प्यार, पागलपन और यादों का ऐसा संगम होता है, जिसे मैं कभी भी किसी चीज के लिए नहीं बदलना चाहूंगी।''
अगर शमिता शेट्टी के करियर की बात करें, तो उन्होंने अपने अभिनय की शुरुआत साल 2000 में फिल्म 'मोहब्बतें' से की थी। इसके बाद उन्होंने 'बेवफा', 'जहर' और 'कैश' जैसी फिल्मों में अभिनय किया। फिल्मों के अलावा उन्होंने कई चर्चित रियलिटी शो में भी हिस्सा लिया, जिससे उन्हें घर-घर में पहचान मिली।
वहीं, शिल्पा शेट्टी हाल ही में फिल्म 'सुखी' में नजर आईं, जिसका निर्देशन सोनल जोशी ने किया था। इस फिल्म में उन्होंने एक ऐसे महिला का किरदार निभाया, जो अपनी रोजमर्रा की जिंदगी से निकलकर खुद को फिर से पहचानने की कोशिश करती है। यह कहानी हर उस महिला से जुड़ती है, जो अपने सपनों को फिर से जीना चाहती है।
आने वाले समय में शिल्पा शेट्टी फिल्म 'केडी: द डेविल' में भी नजर आने वाली हैं, जिसमें उनके साथ ध्रुव सरजा, संजय दत्त, वी. रविचंद्रन, रमेश अरविंद, रेशमा नानैया, जीशु सेनगुप्ता और नोरा फतेही जैसे कलाकार होंगे।