क्या अधूरी नींद है झुर्रियों का असली कारण? जानें समय से पहले मुरझाती त्वचा का रहस्य
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 7 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। वर्तमान जीवनशैली ऐसी है कि न तो संतुलित आहार का ध्यान रखा जा सकता है और न ही त्वचा की सही देखभाल हो पाती है।
इसका सीधा असर शरीर पर दिखाई देता है, विशेषकर चेहरे पर। किसी भी चीज का सकारात्मक और नकारात्मक प्रभाव चेहरे पर देखने को मिलता है, जैसे आंखों के नीचे काले घेरे, झुर्रियां, थकी त्वचा और समय से पहले बुढ़ापे के लक्षण।
अपने चेहरे की खूबसूरती बढ़ाने के लिए बाजार में कई महंगे प्रोडक्ट उपलब्ध हैं, लेकिन बहुत कम लोग यह जानते हैं कि गहरी और अच्छी नींद ही चेहरे को चमकाने का सबसे बेहतरीन तरीका है। झुर्रियों के लिए महंगी क्रीम की बजाय, नींद और उचित देखभाल सबसे अच्छा उपाय है। आयुर्वेद कहता है, “निद्रा बलं, पुष्टिं, ज्ञानं, सुखं च ददाति।” इसका मतलब है कि अच्छी नींद शरीर को शक्ति, पोषण, ज्ञान और सुख देती है। रात को सोते समय हमारा शरीर अपनी मरम्मत में जुट जाता है। हर अंग खुद को फिल्टर करता है। जितनी अधिक कोशिकाओं का निर्माण होता है, उतना ही शरीर उर्जावान और चेहरा चाँद की तरह चमकदार होता है। इसीलिए अच्छी नींद को हमेशा 'ब्यूटी स्लीप' कहा जाता है। हालांकि, तनाव भरी जिंदगी में अच्छी नींद लेना भी एक चुनौती है।
कई लोगों को रात में गहरी नींद न आने की समस्या होती है और ऐसे में दवा का सहारा लेना पड़ता है। आयुर्वेद में नींद लाने के कई बेहतरीन उपाय बताए गए हैं, जिनसे नींद को गहरा और आरामदायक बनाया जा सकता है। इसके लिए रात को सोने से पहले तलवों की मालिश करें। इससे तनाव कम होता है और मस्तिष्क में नींद में सहायक हॉर्मोन तेजी से बनते हैं, जिससे अच्छी और गहरी नींद आती है।
इसके अलावा, सोने से पहले गुनगुना दूध लेना भी नींद लाने में मदद कर सकता है। इसके लिए दूध में जायफल या कच्ची हल्दी मिला सकते हैं। ध्यान रहे कि रात में स्क्रीन टाइम कम करें और सोने से पहले कमरे का वातावरण शांति से भरें। हल्की रोशनी में गहरी सांस लें और फिर सोने की कोशिश करें।