क्या आइब्रो से बढ़ती है चेहरे की खूबसूरती, सही पोषण से आता है घनापन?
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 28 दिसंबर (राष्ट्र प्रेस)। चेहरे की सुंदरता में आंखों के साथ-साथ भौहें यानी आइब्रो भी अत्यधिक महत्वपूर्ण होती हैं। घनी और साफ आइब्रो खूबसूरती में चार चांद लगाने का कार्य करती हैं। जब भौहें सही से बनी होती हैं, तो चेहरा अपने आप ही आकर्षक लगने लगता है। यही कारण है कि आजकल लोग आइब्रो को घना और सुंदर बनाने के लिए विभिन्न प्रकार के रासायनिक उत्पादों का उपयोग कर रहे हैं।
आयुर्वेद और विज्ञान दोनों का मानना है कि शरीर के किसी भी हिस्से की खूबसूरती अंदरूनी पोषण और सही देखभाल से आती है। जिस प्रकार सिर के बालों को पोषण की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार आइब्रो को भी सही पोषण और देखभाल की जरूरत होती है।
आयुर्वेद के अनुसार, भौहों के पतले होने के कई कारण हो सकते हैं। जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, शरीर के ऊतकों और प्रणालियों की स्वाभाविक रूप से कमजोरी आती है, जिससे बालों की जड़ें भी कमजोर हो जाती हैं। इसके अलावा, हार्मोन में परिवर्तन, शरीर में पोषक तत्वों की कमी, अत्यधिक तनाव और त्वचा से संबंधित समस्याएं भी आइब्रो के झड़ने या पतले होने का कारण बन सकती हैं। विज्ञान भी मानता है कि जब बालों की जड़ों को सही पोषण नहीं मिलता, तो उनकी विकास धीमी हो जाती है और बाल पतले दिखने लगते हैं।
ऐसे में, आयुर्वेद में नारियल तेल को भौहों के लिए एक सरल लेकिन प्रभावी उपाय माना गया है। नारियल तेल को आयुर्वेद में केश वर्धक यानी बालों की वृद्धि बढ़ाने वाला बताया गया है। यह तेल ठंडा होता है, जो त्वचा की जलन को कम करता है और बालों की जड़ों को मजबूत बनाता है। जब नारियल तेल आइब्रो पर लगाया जाता है, तो यह धीरे-धीरे त्वचा के अंदर समाकर बालों की जड़ों तक पहुंचता है। वहां यह सूखी और कमजोर जड़ों को नमी प्रदान करता है, जिससे नई ग्रोथ के लिए सही माहौल बनता है।
विज्ञान के अनुसार, नारियल तेल में मौजूद फैटी एसिड बालों के रोमछिद्रों को पोषण देते हैं। ये फैटी एसिड बालों की जड़ों में जाकर उन्हें टूटने से बचाते हैं और बालों को मजबूत बनाते हैं। इसके अलावा, नारियल तेल में मौजूद विटामिन ई त्वचा और बालों की कोशिकाओं की मरम्मत करता है। जब आइब्रो की त्वचा स्वस्थ रहती है, तो वहां नए बाल उगने की संभावना भी बढ़ जाती है।
नारियल तेल का एक और बड़ा लाभ यह है कि यह आइब्रो की त्वचा में रक्त संचार को बेहतर करता है। जब भौहों की त्वचा में हल्की गर्माहट महसूस होती है, तो वहां खून का प्रवाह बढ़ जाता है। बेहतर रक्त संचार से बालों की जड़ों तक ऑक्सीजन और पोषक तत्व आसानी से पहुंचते हैं, जिससे बालों की ग्रोथ धीरे-धीरे मजबूत होने लगती है।
इसके साथ ही, नारियल तेल में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-फंगल गुण भी होते हैं। यह आइब्रो की त्वचा को संक्रमण से बचाने में मदद करता है। कई बार त्वचा में हल्की खुजली, रूखापन या संक्रमण होने से भी बाल झड़ने लगते हैं। नारियल तेल इन समस्याओं को कम करके त्वचा को साफ और स्वस्थ बनाए रखता है, जिससे आइब्रो की ग्रोथ बिना रुकावट आगे बढ़ती है।
अगर नारियल तेल के साथ आयुर्वेद में बताई गई मेथी जैसी प्राकृतिक चीजों को जोड़ा जाए, तो इसका असर और भी बेहतर हो सकता है। मेथी में प्रोटीन और आयरन जैसे तत्व होते हैं, जो बालों की जड़ों को अतिरिक्त ताकत प्रदान करते हैं।