भारत के उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने श्रीलंका के राष्ट्रपति के साथ सांस्कृतिक संबंधों पर की चर्चा
सारांश
मुख्य बातें
कोलंबो, 19 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन श्रीलंका के अपने दो दिवसीय दौरे पर पहुँच गए हैं। यहां परंपरागत कंडियन नृत्य के माध्यम से उनका स्वागत किया गया। उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायका से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने दोनों देशों के साझा इतिहास, मजबूत सभ्यता और दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संबंधों पर गहन चर्चा की।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने राष्ट्रपति दिसानायका के साथ द्विपक्षीय बैठक में भाग लिया। इस मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी गई कि, "भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने आज कोलंबो में राष्ट्रपति सचिवालय में श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायका से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने साझा इतिहास, मजबूत सभ्यता और लोगों के बीच संबंधों पर आधारित भारत-श्रीलंका के विविध रिश्तों को और गहरा करने पर सकारात्मक बातचीत की।"
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने आगे बताया, "उन्होंने इंडियन हाउसिंग प्रोजेक्ट और श्रीलंका में तूफान दित्वाह से प्रभावित क्षेत्रों के लिए 450 मिलियन पैकेज के तहत चल रहे प्रोजेक्ट्स पर विस्तृत चर्चा की। इसमें भारतीय मूल के तमिल समुदाय के सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्निर्माण और पुनर्वास की पहलें भी शामिल हैं। दोनों पक्षों ने मछुआरों के मुद्दों को मानवीय दृष्टिकोण से सुलझाने पर भी चर्चा की, और दोनों तरफ के मछली पकड़ने वाले समुदायों की आजीविका को भी ध्यान में रखा।"
गौरतलब है कि भारतीय उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 19-20 अप्रैल के दौरान श्रीलंका का दौरा कर रहे हैं। यह किसी भारतीय उपराष्ट्रपति का श्रीलंका का पहला आधिकारिक दौरा है।
इससे पहले श्रीलंका के लिए रवाना होने से पहले उपराष्ट्रपति ने अपने एक्स हैंडल पर जानकारी दी थी कि 'भारत के उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन दो दिन के आधिकारिक दौरे पर श्रीलंका के लिए रवाना हो गए हैं। यह किसी भारतीय उपराष्ट्रपति का श्रीलंका का पहला द्विपक्षीय दौरा है। इस दौरे में वे द्विपक्षीय मीटिंग करेंगे और भारत सरकार की सहायता से निर्मित इंडियन हाउसिंग प्रोजेक्ट के तीसरे चरण के तहत बने घरों को तमिल समुदाय के लोगों को सौंपेंगे।'