ईरान की मिसाइल क्षमता: इजरायली राष्ट्रपति का गंभीर चेतावनी
सारांश
Key Takeaways
- ईरान की मिसाइल क्षमता 4,000 किलोमीटर तक है।
- इजरायल का अराद शहर हालिया हमलों से प्रभावित हुआ।
- राष्ट्रपति इसहाक हर्ज़ोग ने ईरान को गंभीर चुनौती बताया।
- आईडीएफ ने ईरानी शासन को वैश्विक खतरा कहा।
- ईरान की मिसाइलें यूरोप को भी खतरा पहुंचा सकती हैं।
नई दिल्ली, 22 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। ईरान द्वारा किए गए जवाबी मिसाइल हमलों के बाद इजरायल के दक्षिणी शहर अराद में हुई व्यापक तबाही के बाद राष्ट्रपति इसहाक हर्ज़ोग ने क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने कहा कि ऐसी क्षमताएं केवल डराने के लिए नहीं, बल्कि क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए एक गंभीर चुनौती बन चुकी हैं।
ईरान के जवाबी हमलों में इजरायल के अराद में भयंकर तबाही देखने को मिली। इजरायल के राष्ट्रपति इसहाक हर्ज़ोग ने दक्षिणी इजरायल के अराद शहर पर रात भर हुए मिसाइल हमले की जगह का दौरा किया।
उन्होंने याद दिलाते हुए कहा कि ईरान ने पहले कहा था कि उसके पास अमेरिका तक पहुंचने वाली मिसाइलें नहीं हैं, लेकिन डिएगो गार्सिया में दागी गईं मिसाइलों ने स्पष्ट कर दिया है कि उनके पास 4,000 किलोमीटर (लगभग 2,500 मील) तक हमला करने वाली मिसाइलें हैं।
उन्होंने कहा कि ईरान अपनी पूरी क्षमताओं का उपयोग कर रहा है। इसीलिए इस खतरे को खत्म करना जरूरी है।
अराद दौरे पर पहुंचे राष्ट्रपति इसहाक ने कहा, "यह वही जगह है जहां ईरान से आई आधे टन की मिसाइल ने तबाही मचाई।"
राष्ट्रपति इसहाक ने वहां की स्थिति को दर्शाते हुए कहा, "जैसा कि आप जानते हैं, ईरानी शासन नागरिकों के बीच कोई भेदभाव नहीं करते। वे सभी को मारने और नष्ट करने के लिए तत्पर हैं, लेकिन हम यहां कुछ और दिखाने आए हैं। हम हमेशा मजबूत बने रहेंगे।"
राष्ट्रपति इसहाक ने आगे कहा, "आप सभी को यह जानना चाहिए कि ईरान अपनी सभी क्षमताओं का उपयोग कर रहा है। उन्होंने पहले इस बात से इनकार किया था कि उनके पास अमेरिका तक पहुंचने वाली मिसाइलें हैं। डिएगो गार्सिया में हुए लॉन्च ने बता दिया कि उनके पास 4,000 किलोमीटर से भी ज्यादा की दूरी तक हमला करने की क्षमता है।"
उन्होंने कहा, "इसका अर्थ है कि वे हमें डराने के लिए अपनी सभी क्षमताओं का उपयोग करेंगे, लेकिन यह तरीका वास्तव में काम नहीं करता, बल्कि यह दर्शाता है कि यह कितना क्रूर शासन है और इससे किस तरह का खतरा है। यही बात हम एक पीढ़ी से दुनिया को बता रहे हैं। इस दुष्ट साम्राज्य को रोकना होगा। इस खतरे को खत्म करना होगा। इसी कारण हम इस युद्ध में हैं।"
राष्ट्रपति इसहाक ने कहा, "मुझे इजरायल और अराद के लोगों की ताकत पर पूरा विश्वास है। इस स्थान को पूरी तरह से फिर से बनाया जाएगा।"
इसके अलावा, इजरायल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बताया कि 'ऑपरेशन रोअरिंग लायन' के शुरू होते ही ईरानी शासन ने पहली बार एक लंबी दूरी की मिसाइल लॉन्च की है, जो लगभग 4,000 किलोमीटर की दूरी तक पहुंच सकती है।
आईडीएफ ने चेतावनी देते हुए कहा कि हम पहले से कहते आ रहे हैं कि ईरानी शासन एक वैश्विक खतरा है, ऐसी मिसाइलों के साथ जो लंदन, पेरिस या बर्लिन तक पहुंच सकती हैं।
आईडीएफ ने यह भी कहा कि जून 2025 में 'ऑपरेशन राइजिंग लायन' के दौरान भी उन्होंने खुलासा किया था कि ईरानी शासन 4,000 किलोमीटर की मारक क्षमता वाली मिसाइलें विकसित करने की योजना बना रहा है, जो यूरोप, एशिया और अफ्रीका के कई देशों के लिए खतरा पैदा करती हैं। उस समय भी ईरानी शासन ने इस बात से इनकार किया था।