क्या अजित पवार की विमान दुर्घटना में मृत्यु हुई? पीएम मोदी ने सीएम फडणवीस से चर्चा की, अमित शाह बारामती के लिए निकले
सारांश
Key Takeaways
- अजित पवार की अचानक मृत्यु ने सभी को चौंका दिया।
- प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री शाह ने संवेदना व्यक्त की।
- इस दुर्घटना में कोई भी जीवित नहीं बचा।
नई दिल्ली, 28 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में मृत्यु के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुःख प्रकट किया है। उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से फोन पर बातचीत की है।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से फोन पर बात करते हुए घटना की संपूर्ण जानकारी ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी सीएम फडणवीस से संपर्क किया। महाराष्ट्र सरकार के अधिकारियों ने बताया कि पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को दुर्घटना और वर्तमान स्थिति के बारे में सूचित किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजित पवार की मृत्यु पर शोक व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "महाराष्ट्र के बारामती में हुए इस दुर्भाग्यपूर्ण प्लेन क्रैश से मुझे गहरा दुःख हुआ है। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं, जिन्होंने इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि दुखी परिवारों को इस कठिन समय में शक्ति और साहस मिले।"
अजित पवार के बारे में पीएम मोदी ने कहा, "वे एक ऐसे जननेता थे जिनका लोगों से और जमीनी स्तर पर गहरा जुड़ाव था। उन्हें एक मेहनती इंसान के रूप में बहुत मान्यता प्राप्त थी, जो हमेशा महाराष्ट्र के लोगों की सेवा में सबसे आगे रहते थे। उन्हें प्रशासकीय मामलों की गहरी समझ थी। गरीबों और जरूरतमंदों को मजबूत बनाने के लिए उनका जुनून विशेष रूप से सराहनीय था। उनका अचानक जाना अत्यंत चौंकाने वाला और दुखद है। उनके परिवार और अनगिनत समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।"
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शोक व्यक्त करते हुए कहा, "एक दुखद हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनडीए के हमारे वरिष्ठ साथी अजित पवार को खो देने की सूचना से मन अत्यंत व्यथित है। अजित पवार ने पिछले साढ़े तीन दशकों में महाराष्ट्र के हर वर्ग के कल्याण के लिए खुद को समर्पित किया। उनका निधन एनडीए परिवार के लिए व्यक्तिगत क्षति है।"
उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में आगे कहा, "मैं पवार परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। शोक की इस घड़ी में पूरा एनडीए शोक-संतप्त पवार परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।"
उपमुख्यमंत्री अजित पवार बुधवार को जनसभा में शामिल होने के लिए मुंबई से बारामती जा रहे थे। सुबह करीब 9 बजे उनका विमान बारामती के पास लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बताया गया है कि विमान बारामती के एक एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान नियंत्रण से बाहर हो गया और क्रैश हो गया। क्रैश के बाद विमान में आग लग गई। जानकारी के अनुसार, विमान में सवार कोई भी व्यक्ति इस दुर्घटना में जीवित नहीं बचा है।