क्या बहराइच में मदरसा संचालक सलमान ने छात्रा से रेप की कोशिश की?
सारांश
मुख्य बातें
बहराइच, 19 दिसंबर (राष्ट्र प्रेस)। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित बहराइच के रुपईडीहा में एक मदरसा संचालक पर एक छात्रा ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
छात्रा के परिजनों ने तहरीर में बताया कि मदरसा संचालक सलमान ने 12 दिसंबर को छात्रा से दुष्कर्म करने की कोशिश की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और छात्रा को मेडिकल के लिए भेज दिया गया।
छात्रा, रुपईडीहा के पास रंजितबोझा गांव में स्थित मदरसा दारुल उलूम गुलशने सैय्यद महबूब अशरफ में तालीम हासिल कर रही थी। पीड़िता के परिजनों ने बताया कि 12 दिसंबर को मदरसा संचालक ने उसे मदरसे में झाड़ू लगाने के बहाने बुलाया। मदरसे में पहुंचने पर उसे एक कमरे में बंद कर दुष्कर्म करने की कोशिश की गई।
सलमान ने छात्रा को धमकी दी कि यदि उसने किसी को बताया तो उसे जान से मार दिया जाएगा। डरी सहमी छात्रा ने एक सप्ताह बाद इस घटना के बारे में अपनी मां को बताया, जिसके बाद परिजनों ने मुकदमा दर्ज करवाया। आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जैसे ही मामले की जानकारी हुई, मदरसा संचालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और महिला का मेडिकल कराया जा रहा है। इससे पहले भी इस मदरसे के खिलाफ जांच की गई थी। मदरसे में आ रही और अन्य छात्राओं से भी पूछताछ की जाएगी ताकि मामले का शीघ्र खुलासा किया जा सके।
यह वही मदरसा है जो जांच में अवैध पाया गया था। जांच के दौरान वहां दुआ, ताबीज, तंत्र-मंत्र जैसी चीजें पाई गई थीं, जिसके बाद बुलडोजर चलाकर कुछ हिस्सा तोड़ दिया गया था।
फिलहाल, आरोपी मदरसा संचालक पुलिस की गिरफ्त में हैं। मामले में विधिक जांच पड़ताल के साथ कार्रवाई की जा रही है।