बैंकिंग क्षेत्र में करियर के लिए सुनहरा अवसर, सीनियर एनालिस्ट के 29 पदों के लिए आवेदन करें
सारांश
Key Takeaways
- सीनियर एनालिस्ट की 29 पदों की घोषणा
- आवेदन की अंतिम तिथि: 8 अप्रैल
- योग्यता: मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से डिग्री
- आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन
- आवेदन शुल्क: सामान्य वर्ग के लिए 800 रुपए
नई दिल्ली, 18 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। बैंकिंग क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए एक अद्भुत अवसर प्रस्तुत किया गया है। नेशनल बैंक फॉर फाइनेंसिंग इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट (एनएबीएफआईडी) ने सीनियर एनालिस्ट के लिए कुल 29 रिक्तियों पर भर्ती की आधिकारिक सूचना जारी की है।
इन 29 पदों में से 25 पद नियमित और 4 पद अनुबंध के आधार पर हैं। नियमित पदों में इंटरनल ऑडिट, एडमिनिस्ट्रेशन, कंपनी सेक्रेटेरिएट, विजिलेंस, इन्वेस्टमेंट और ट्रेजरी, आईटी-बिजनेस एनालिस्ट और तकनीकी प्रोजेक्ट प्रबंधन, आईटी-इंफ्रास्ट्रक्चर प्रबंधन (क्लाउड) और कंप्लायंस के लिए 1-1 पद हैं। इसके अलावा, लीगल, इंटरनल ऑडिट (आईएस ऑडिट) और मानव संसाधन के 2-2 पद, रिस्क प्रबंधन के 5 और लैंडिंग ऑपरेशन (लैंडिंग और प्रोजेक्ट फाइनेंस) के 6 पद शामिल हैं।
वहीं, अनुबंध के आधार पर रिक्तियों में कॉर्पोरेट स्ट्रैटेजी, पार्टनरशिप और इकोसिस्टम विकास के 3 और इन्वेस्टमेंट और ट्रेजरी (रिसोर्स रेसिंग) के 1 पद हैं।
एनएबीएफआईडी द्वारा जारी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया बुधवार से आरंभ हो गई है और आवेदन करने की अंतिम तिथि 8 अप्रैल निर्धारित की गई है। योग्य और इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद के अनुसार बीई/बीटेक/एलएलबी/पोस्ट-ग्रेजुएशन/सीए/एमबीए/एमसीए/आईसीडब्ल्यूए/सीएफए जैसी डिग्री होनी चाहिए। इसके साथ ही, अन्य निर्धारित पात्रताएँ भी आवश्यक हैं।
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 28 फरवरी के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन शॉर्टलिस्टिंग, ऑनलाइन लिखित परीक्षा, व्यक्तिगत साक्षात्कार और दस्तावेज़ सत्यापन के आधार पर किया जाएगा। लिखित परीक्षा का आयोजन मई में होने की संभावना है।
आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो जनरल/ईडब्ल्यूएस/ओबीसी के लिए 800 रुपए और एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी के लिए 100 रुपए होगा।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए, उम्मीदवार को सबसे पहले नेशनल बैंक फॉर फाइनेंसिंग इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट (एनएबीएफआईडी) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। होमपेज पर जाकर, जारी पद से संबंधित सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। फिर रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को भरें और आवश्यक दस्तावेज़ सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद, वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करें। फिर फॉर्म को चेक कर सबमिट कर दें। अंत में, रजिस्ट्रेशन फॉर्म का प्रिंट आउट भविष्य के लिए रख लें।