स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में लीड बिजनेस एनालिस्ट के 8 पदों पर भर्तियाँ, आवेदन आज से शुरू
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 13 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। भारत का सबसे बड़ा वाणिज्यिक बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) ने स्पेशल कैडर ऑफिसर (एससीओ) भर्ती के तहत लीड बिजनेस एनालिस्ट के लिए कुल 8 पदों पर भर्ती का एक आधिकारिक सूचना जारी किया है।
एसबीआई द्वारा इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया आज, 13 अप्रैल से प्रारंभ हो चुकी है, और आवेदन की आखिरी तारीख 4 मई निर्धारित की गई है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करें।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय/संस्थान/बोर्ड से संबंधित पद के अनुसार कंप्यूटर विज्ञान/सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग/आईटी/इलेक्ट्रॉनिक्स/इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स/डेटा साइंस/एआई और एमएल/एनालिटिक्स या समकक्ष में बीई/बीटेक की डिग्री होनी चाहिए; या कंप्यूटर विज्ञान/सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग/आईटी/इलेक्ट्रॉनिक्स/इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स/डेटा साइंस/एआई एवं एमएल या समकक्ष में एमसीए/एमटेक/एमएससी होनी चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता, कौशल और आवश्यक अनुभव होना भी अनिवार्य है। एमबीए (सिस्टम/वित्त/संचालन/विपणन) या समकक्ष डिग्री वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 30 साल और अधिकतम आयु 40 साल निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 31 मार्च के आधार पर की जाएगी। आरक्षित श्रेणी के कैंडिडेट्स को अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू, मेरिट लिस्ट और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की वार्षिक सीटीसी 45 लाख रुपए होगी।
आवेदन पत्र भरते समय कैंडिडेट्स को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो सामान्य/ईडब्ल्यूएस/ओबीसी के लिए 750 रुपए है। एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी श्रेणी के कैंडिडेट्स को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी जाएगी।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले एसबीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर होमपेज पर दिए गए आवेदन लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को भरें और मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। अंत में, आवेदन पत्र का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित रख लें।