बरसाना में पुलिस और एसओजी की बदमाशों से मुठभेड़: एक घायल, दूसरा गिरफ्तार
सारांश
Key Takeaways
- बरसाना में पुलिस और एसओजी द्वारा की गई मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार हुए।
- एक बदमाश को पैर में गोली लगी, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
- बदमाशों के पास से अवैध हथियार और बिना नंबर की बाइक मिली।
- पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की है।
- दोनों बदमाश पहले से वांछित थे।
मथुरा, 3 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। मथुरा जनपद के बरसाना थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम द्वारा की गई मुठभेड़ में दो कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। आत्मरक्षार्थ की गई फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बदमाशों के पास से एक बिना नंबर की बाइक और अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरसाना पुलिस और एसओजी की टीम क्षेत्र में वांछित अपराधियों की तलाश में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भरना खुर्द माइनर के पास घेराबंदी की। जब पुलिस ने सहार से कमई वाले नाले की दिशा में आ रहे दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, तो उन्होंने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में जीतू उर्फ जितेंद्र (33), पुत्र रतन सिंह, निवासी नंदगांव के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। वहीं, उसके साथी राजवीर (40), पुत्र गोपाल, को पुलिस ने मौके पर दबोच लिया। घायल जीतू को तुरंत नजदीकी जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एक बिना नंबर की टीवीएस रोनिन मोटरसाइकिल, दो तमंचे (.315 बोर), तीन खोखा कारतूस और दो अप्रयुक्त कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, दोनों अभियुक्त शातिर अपराधी हैं और हाल ही में बरसाना थाने में दर्ज बीएनएस के विभिन्न गंभीर धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत वांछित चल रहे थे। इन पर पहले भी हत्या के प्रयास (307) जैसे संगीन मामले दर्ज हैं।
थाना बरसाना पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही इनके अन्य आपराधिक इतिहास और नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।