बिहार: बांका में अवैध हथियार फैक्ट्री का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
सारांश
Key Takeaways
- अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़
- दो अर्द्धनिर्मित पिस्टल और उपकरण बरामद
- आरोपी बोध नारायण मंडल गिरफ्तार
- पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया
- संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील
बांका, ८ अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। बिहार के बांका जिले में पुलिस ने एक अवैध हथियार निर्माण की फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। धोरैया थाना क्षेत्र के सरवा गांव में संचालित इस फैक्ट्री से दो अर्द्धनिर्मित पिस्टल, पिस्टल के पुर्जे और हथियार बनाने के लिए उपयोग होने वाले कई उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी बोध नारायण मंडल को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है।
मंगलवार को एसटीएफ पटना की आर्म्स सेल से मिली गुप्त सूचना के आधार पर बांका पुलिस ने यह कार्रवाई की। बुधवार को बौसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर इस मामले की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष छापेमारी दल ने सरवा गांव में आरोपी बोध नारायण मंडल (४८ वर्ष) के घर पर छापा मारा।
छापे के दौरान पुलिस को दो अधूरी पिस्टल, पिस्टल का बैरल, स्लाइड, बट सहित कई अन्य पुर्जे मिले। इसके अतिरिक्त, लेथ मशीन के पार्ट्स, ग्राइंडर, ड्रिल बीट, डाई, और सात जिंदा कारतूस (एचपीएम ३२) भी जब्त किए गए। आरोपी बोध नारायण मंडल का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। इस मामले में धोरैया थाना कांड संख्या १०१/२६ के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने बताया कि यह अवैध फैक्ट्री काफी समय से सक्रिय थी और यहां स्थानीय स्तर पर पिस्टल जैसे घातक हथियार बनाए जा रहे थे। बरामद सामग्री की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। छापेमारी दल में धोरैया थानाध्यक्ष अमित कुमार, पुअनि आसिफ अख्तर और एसटीएफ आर्म्स सेल के सदस्य शामिल थे। पुलिस अब इस अवैध हथियार नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर रही है। जांच में यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ये हथियार कहां सप्लाई किए जा रहे थे और कितने समय से यह गोरखधंधा जारी था।
बांका पुलिस अधीक्षक ने इस सफल कार्रवाई पर टीम को बधाई दी है और कहा है कि जिले में अवैध हथियारों और अपराधियों के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि यदि किसी को ऐसी किसी संदिग्ध गतिविधि का पता चले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।