क्या राजद ने बिहार चुनाव में 143 उम्मीदवारों की सूची जारी की?
सारांश
मुख्य बातें
पटना, 20 अक्टूबर (राष्ट्र प्रेस)। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए महागठबंधन ने अब तक सीट बंटवारे की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। इस बीच, सोमवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने 143 विधानसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी की।
राजद की इस सूची में कई सीटें शामिल हैं, जहां कांग्रेस ने भी अपने उम्मीदवार उतारे हैं।
इस सूची में तेजस्वी यादव को राघोपुर विधानसभा सीट से राजद का प्रत्याशी बनाया गया है। बिहारीगंज से रेणु कुशवाहा, वारसलीगंज से अनिता देवी महतो, अलीनगर से विनोद मिश्रा और हाजीपुर से देव कुमार चौरसिया को भी प्रत्याशी बनाया गया है।
सिवान से राजद ने अवध बिहारी चौधरी को उम्मीदवार बनाया है। भोजपुरी सिनेमा के प्रसिद्ध अभिनेता शत्रुघ्न कुमार उर्फ खेसारी लाल छपरा से चुनावी मैदान में उतरेंगे। गरखा से सुरेंद्र राम, महुआ से मुकेश रौशन, बाढ़ से कर्मवीर सिंह, मोकामा से वीणा देवी, मनेर से भाई वीरेंद्र, हिलसा से शक्ति सिंह और दानापुर से राजद ने एक बार फिर रीतलाल राय को उम्मीदवार बनाया है।
राजद ने सुल्तानगंज से चंदन सिन्हा, रामगढ़ से अजित सिंह, कहलगांव से रजनीश भारती, रुपौली से बीमा भारती, शाहपुर से राहुल तिवारी और नरकटियागंज से दीपक यादव को भी चुनावी मैदान में उतारा है।
इसके अतिरिक्त, मोहनिया से श्वेता सुमन, भभुआ से बीरेंद्र कुशवाहा, चैनपुर से बृजकिशोर बिंद, सासाराम से सतेंद्र शाह, गोह से अमरेंद्र कुशवाहा, ओबरा से ऋषि कुमार और नबीनगर से अमोड चंद्रवंशी को भी प्रत्याशी बनाया गया है।
जमुई से शमशाद आलम, बेलागंज से विश्वनाथ कुमार सिंह और टेकारी से अजय दांगी भी चुनावी मैदान में उतरेंगे।
बिहार विधानसभा चुनाव का पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा। जबकि, मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी। इस चुनाव में मुख्य मुकाबला एनडीए और महागठबंधन के बीच माना जा रहा है।