क्या चंदा यादव स्कॉर्पियो में बैठकर जनसंपर्क कर रही हैं और खेसारी लाल के लिए जनता से अपील कर रही हैं?
सारांश
मुख्य बातें
पटना, 23 अक्टूबर (राष्ट्र प्रेस)। भोजपुरी अभिनेता-सिंगर खेसारी लाल यादव और उनकी पत्नी चंदा यादव बिहार विधानसभा चुनाव में जोरदार प्रचार कर रहे हैं।
खेसारी ने छपरा सीट से नामांकन दाखिल किया है। वह छपरा के विभिन्न गांवों में जाकर जनसंपर्क कर रहे हैं, लेकिन अपने पति को समर्थन देने के लिए चंदा यादव भी चुनावी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
चंदा यादव छपरा के गांवों में जाकर लोगों से मिल रही हैं और उनसे संवाद कर रही हैं। वह महिलाओं के बीच अपनी दावेदारी को मजबूत कर रही हैं। हाल ही में उन्हें सारण में जनसंपर्क करते हुए देखा गया।
एक वीडियो में चंदा स्कॉर्पियो में बैठकर लोगों से मिलती हैं और उनसे खेसारी लाल यादव को एक मौका देने की अपील करती हैं। उन्होंने अपने आधिकारिक अकाउंट पर प्रचार का वीडियो साझा किया है और लिखा है, 'जनसंपर्क जारी है, छपरा विधानसभा क्षेत्र के भगवान रूपी जनता से निवेदन है कि बस एक बार सेवा का मौका दीजिए। दोबारा कहने की जरूरत नहीं पड़ेगी।'
खेसारी लाल यादव भी छपरा के विभिन्न गांवों में जाकर जनता से मिल रहे हैं। हाल ही में उन्होंने युवाओं के साथ एक फोटो साझा की थी और जनता के समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया था।
पहले छपरा विधानसभा सीट से चंदा यादव को राजद से टिकट दिया गया था। लेकिन, बाद में चंदा को हटा कर खेसारी को टिकट सौंपा गया। अब दोनों पति-पत्नी मिलकर विधानसभा चुनाव में पूरे उत्साह से जुटे हैं। अब देखना होगा कि एक अभिनेता-सिंगर के रूप में जनता ने खेसारी को कितना प्यार दिया है, लेकिन क्या चुनाव में एक राजनेता के रूप में जनता उन्हें स्वीकार करेगी या नहीं।
बिहार चुनाव में मेहनत के साथ-साथ खेसारी अपनी फिल्मों और गानों पर भी ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। उनकी आगामी फिल्म जमानत भी रिलीज होने वाली है, जिसके पोस्टर और गाने जारी किए जा चुके हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में आयोजित होंगे। पहले चरण का मतदान 6 और दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा। नतीजों की घोषणा 14 नवंबर को की जाएगी।