क्या छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री जनमन योजना से बनी सड़क से गांव का विकास होगा?
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 22 जून (राष्ट्र प्रेस)। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर के बासीन गांव से रक्सा जाने वाली सड़क अब पक्की हो गई है। इस सड़क के निर्माण से स्थानीय निवासियों में खुशी का माहौल है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस सड़क के बनने से गांव का विकास अब तेजी से होगा।
प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत सड़क के निर्माण से अति पिछड़ी जनजातियों के रक्सा गांव के कमार और हरिजन समुदाय के लोगों को अब पक्की सड़क के माध्यम से अपने व्यवसाय और दैनिक जीवन में हो रही परेशानियों से राहत मिली है।
कार्यपालक अभियंता अभिषेक पाटकर ने बताया कि पीएम जनमन योजना के अंतर्गत विशेष रूप से पिछड़ी जनजाति, जो गरियाबंद में कमार जनजाति है, को मुख्य धारा से जोड़ने के लिए सड़क का निर्माण किया जा रहा है। पहले कमार बसहटे में कच्ची सड़क होने के कारण बारिश के मौसम में कीचड़ हो जाता था, जिससे निवासियों को आने-जाने में परेशानी होती थी। अब जनमन योजना के तहत यहां सड़क का निर्माण किया जा रहा है। इस सड़क के बनने के बाद स्कूली बच्चे, किसान और व्यापारी इसका लाभ उठाएंगे।
उन्होंने बताया कि पीएम जनमन योजना के तहत बैच-1 में 65 किलोमीटर की 35 सड़कों की स्वीकृति प्राप्त हुई है, जिनमें से तीन का निर्माण पूरा हो चुका है। इसके लिए 36 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। वहीं, बैच-2 में 14 सड़कें स्वीकृत हुई हैं, जिसका एग्रीमेंट हो चुका है।
ग्रामीण राम कुमार निषाद ने कहा कि पीएम जनमन योजना के तहत गांव में सड़क का निर्माण किया गया है। इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी को बधाई। इस सड़क के बनने से अब हम आसानी से दूसरी जगहों पर जा सकते हैं। पहले सड़क न होने से परेशानी होती थी।
एक अन्य ग्रामीण ने बताया कि पीएम जनमन योजना के तहत गांव में सड़क का निर्माण हुआ है। इससे लोगों को बहुत राहत मिलेगी। पहले कच्ची सड़क होने से बारिश के मौसम में कीचड़ हो जाता था, जिससे एक जगह से दूसरी जगह जाने का मन नहीं करता था। अब सड़क बन गई है तो समय की भी बचत होगी।