क्या सीएम नीतीश का यह बयान बख्तियारपुर में वोटिंग को प्रभावित करेगा?
सारांश
मुख्य बातें
पटना, २ नवंबर (आईएएनएस)। लोजपा (रामविलास) के बख्तियारपुर के प्रत्याशी अरुण कुमार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। इस मुलाकात के दौरान सीएम नीतीश ने उनके साथ हंसी-मजाक भी किया।
मुख्यमंत्री ने हंसते हुए कहा, "अरे अरुण बाबू, इधर आइए… हम आपके वोटर हैं भाई! हम आपको वोट देने बख्तियारपुर भी आएंगे।"
उनका यह बयान चर्चा का विषय बन गया है। वहीं, फतुहा से लोजपा की प्रत्याशी रूपा कुमारी ने भी मुख्यमंत्री से मिलकर उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया।
यहां यह भी उल्लेखनीय है कि शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहारवासियों को संबोधित करते हुए एक वीडियो संदेश जारी किया था। उन्होंने कहा कि २००५ से आज तक जनता ने सेवा का अवसर दिया है। उस समय बिहार की स्थिति बहुत खराब थी। लोग 'बिहारी' कहलाना अपमान समझते थे, लेकिन अब यह सम्मान की बात है।
वीडियो संदेश में उन्होंने बताया कि उनकी सरकार ने पहले कानून-व्यवस्था को सुधारने का कार्य किया, जिसके बाद शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल, कृषि और युवाओं के रोजगार जैसे क्षेत्रों में बड़े सुधार हुए।
नीतीश कुमार ने कहा था कि पहले की सरकारों ने महिलाओं के लिए कुछ नहीं किया था। हमने उन्हें इतना सशक्त बनाया कि अब वे अपने पैरों पर खड़ी हैं और परिवार की हर जिम्मेदारी निभाने में सक्षम हैं।
वीडियो संदेश में सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार द्वारा बिहार को मिले सहयोग का आभार भी जताया। उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र दोनों जगह एनडीए की सरकार होने से विकास की गति तेज हुई है।
नीतीश कुमार ने बिहार की जनता से अपील की कि आप ६ और ११ नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें और एनडीए के उम्मीदवारों को भारी मतों से विजयी बनाएं। हमें एक और मौका दें ताकि बिहार को देश के शीर्ष राज्यों में शामिल कर सकें।