दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम्स ने महिला तस्कर को पकड़ा, 5.42 करोड़ के आभूषण और घड़ियां जब्त
सारांश
Key Takeaways
- महिला यात्री के पास अवैध रूप से लाए गए आभूषण और घड़ियां थीं।
- कस्टम विभाग ने 5.42 करोड़ रुपए की वस्तुएं जब्त कीं।
- महिला को कस्टम अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया।
- पिछले सप्ताह भी एयरपोर्ट पर गांजे के साथ दो लोग पकड़े गए थे।
- विभाग की सतर्कता से अवैध गतिविधियों पर रोकथाम संभव है।
नई दिल्ली, 24 फरवरी (आईएएनस)। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, दिल्ली में कस्टम विभाग ने एक महिला यात्री को अवैध रूप से सोने-चांदी के आभूषण, लग्जरी घड़ियां और विदेशी मुद्रा के साथ पकड़ा है। इस महिला के पास अमेरिकी पासपोर्ट था और जब्त की गई वस्तुओं की कुल कीमत 5.42 करोड़ रुपए से अधिक है, जिन्हें बिना घोषित किए लाया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, अमेरिकी पासपोर्ट धारक यह महिला यात्री हांगकांग से फ्लाइट नंबर सीएएक्स-695 के माध्यम से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट टर्मिनल-3 पर पहुंची थीं। सीमा शुल्क अधिकारियों ने संदेह के आधार पर महिला को रोका और उसके सामान की एक्स-रे जांच की गई। जांच के दौरान, आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं के अनुसार एक विस्तृत भौतिक जांच भी की गई।
इस जांच में महिला के बैग से भारी मात्रा में अघोषित विदेशी सामान और मुद्रा बरामद हुई। महिला के पास 1.2 किलोग्राम सोने और हीरे के आभूषण, 10 किलो चांदी के बर्तन, रॉलेक्स, बुल्गारी, चोपार्ड, और कार्टियर की लग्जरी घड़ियां, 9,084 अमेरिकी डॉलर, 605 यूरो, और 2,540 हांगकांग डॉलर थे, जिन्हें कस्टम विभाग ने तुरंत जब्त कर लिया।
जब्त की गई वस्तुओं की कुल कीमत 5.42 करोड़ रुपए आंकी गई है। ये वस्तुएं सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए अघोषित होने के कारण जब्त की गई हैं।
इसके अलावा, जांच के दौरान मिले 552 ग्राम वजन की घरेलू सोने की वस्तुएं जब्त नहीं की गईं और उन्हें यात्री को लौटा दिया गया। महिला को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 104 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है और पूछताछ जारी है।
आपको बता दें कि 19 फरवरी को भी इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने दो यात्रियों को गांजा के साथ गिरफ्तार किया था, जिसकी इंटरनेशनल मार्केट में कीमत 10 करोड़ रुपए थी। यात्रियों ने अपने ट्रॉली बैग में 10 पॉलिथीन के पाउच में नशीला पदार्थ रखा था।