दिल्ली में महिला दिवस पर पीएम मोदी करेंगे 33,500 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन
सारांश
Key Takeaways
- प्रधानमंत्री मोदी द्वारा महिला दिवस पर उद्घाटन।
- कुल 33,500 करोड़ रुपए की परियोजनाएं।
- दिल्ली मेट्रो के नए कॉरिडोर।
- महिलाओं के लिए सहेली पिंक एनसीएमसी कार्ड योजना।
- कार्यक्रम की तैयारी में दिल्ली सरकार पूरी तरह से जुटी।
नई दिल्ली, 7 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिला दिवस के मौके पर 8 मार्च को दिल्ली में लगभग 33,500 करोड़ रुपए की महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। रेखा गुप्ता की अगुवाई वाली दिल्ली सरकार इस कार्यक्रम को भव्य रूप देने में लगी हुई है। इसी बीच, शनिवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कार्यक्रम स्थल का दौरा किया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को कार्यक्रम स्थल की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा इन परियोजनाओं का उद्घाटन दिल्ली की कनेक्टिविटी, ट्रैफिक प्रबंधन और जनजीवन में सुधार लाएगा। यह आयोजन दिल्लीवासियों के लिए एक बड़ा उपहार होगा, जिसमें दिल्ली मेट्रो के विस्तार से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल हैं। दिल्ली सरकार इस कार्यक्रम को सफल और भव्य बनाने के लिए पूरी तरह से जुट गई है।
इसके अलावा, सीएम रेखा गुप्ता ने शनिवार को महिलाओं के लिए शुरू की गई 'सहेली पिंक एनसीएमसी कार्ड' योजना का जमीनी अनुभव साझा किया।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा, "आज सहेली पिंक एनसीएमसी कार्ड के साथ डीटीसी बस में सफर किया। बस में चढ़ते ही कार्ड को मशीन पर टैप करना होता है और यात्रा तुरंत दर्ज हो जाती है। यह प्रक्रिया तेज, आसान और पारदर्शी है। दिल्ली की माताओं, बहनों और बेटियों के लिए यह बेहद सुविधाजनक है।"
यह कार्ड महिलाओं को दिल्ली की डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा प्रदान करता है। रजिस्ट्रेशन के लिए आधार नंबर और मोबाइल नंबर की आवश्यकता होती है। विभिन्न केंद्रों पर यह कार्ड मुफ्त में बनवाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने सभी महिलाओं से अपील की कि वे जल्द से जल्द सहेली पिंक एनसीएमसी कार्ड बनवाएं और इस योजना का पूरा लाभ उठाएं।
महिला दिवस पर शुरू होने वाली परियोजनाओं में दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर शामिल हैं। पहला कॉरिडोर पिंक लाइन पर मजलिस पार्क-मौजपुर-बाबरपुर के बीच है, जो राजधानी के कई क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। दूसरा मजेंटा लाइन पर दीपाली चौक-मजलिस पार्क के बीच कॉरिडोर है।
पीएम मोदी फेज 5ए के तहत नए कॉरिडोर का भी शिलान्यास करेंगे, जिससे राष्ट्रीय राजधानी के लोगों के लिए सफर और भी आसान हो जाएगा। इसमें रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर, एरोसिटी से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक गोल्डन लाइन एक्सटेंशन और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक गोल्डन लाइन एक्सटेंशन शामिल हैं।
रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर 9.9 किलोमीटर लंबा होगा और यह अंडरग्राउंड बनेगा। इसमें नौ नए मेट्रो स्टेशन शामिल होंगे।