डीजीएलएल जॉब अलर्ट: तकनीशियन समेत तीन पदों पर आवेदन की अंतिम तिथि 14 अप्रैल
सारांश
मुख्य बातें
पणजी, 3 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। सरकारी नौकरी की खोज कर रहे युवाओं के लिए एक अद्भुत अवसर सामने आया है। डायरेक्टोरेट ऑफ लाइटहाउस एंड लाइटशिप्स (डीजीएलएल), गोवा ने तकनीशियन सहित कुल 3 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
लाइटहाउस और लाइटशिप निदेशालय (डीजीएलएल) द्वारा जारी किए गए पदों के लिए ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया अब शुरू हो गई है, और आवेदन करने की अंतिम तिथि 14 अप्रैल तय की गई है। योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों से निवेदन है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करें।
डीजीएलएल ने जिन 3 पदों के लिए आवेदन मांगे हैं, उनमें तकनीशियन (डीजल) का 1 और नेविगेशनल असिस्टेंट ग्रेड-III के 2 पद शामिल हैं।
तकनीशियन (डीजल) पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या बोर्ड से मैट्रिक पास सर्टिफिकेट के साथ-साथ अप्रेंटिसशिप और अनुभव होना आवश्यक है। वहीं, नेविगेशनल असिस्टेंट ग्रेड-III पद के लिए इंजीनियरिंग में डिप्लोमा और अनुभव की आवश्यकता होगी। इसके साथ ही अन्य निर्धारित पात्रता भी पूरी करनी होगी।
तकनीशियन (डीजल) पद के लिए उम्मीदारों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गई है। जबकि नेविगेशनल असिस्टेंट ग्रेड-III पद के लिए कैंडिडेट्स की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 27 वर्ष होगी। आयु की गणना 14 अप्रैल के अनुसार की जाएगी। अनुसूचित जाति एवं जनजाति से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा, स्किल टेस्ट और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट की सैलरी पद के अनुसार 29,200 से 92,300 रुपए प्रति माह होगी।
आवेदन करने के लिए, उम्मीदवार सबसे पहले डीजीएलएल गोवा की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी आधिकारिक नोटिफिकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद, अधिसूचना में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड करें और उसका प्रिंट आउट निकालें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को सही-सही भरें। सभी आवश्यक डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद, रजिस्ट्रेशन फॉर्म को एक लिफाफे में डालकर 'लाइटहाउस और लाइटशिप निदेशालय, दीप भवन, जीएमसी स्टेडियम के पास, बंबोलिम, इसवाड़ी, उत्तरी गोवा, गोवा - 403202' पते पर पोस्ट कर दें।