डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ क्वालिटी एश्योरेंस में ग्रुप-सी पदों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 24 अप्रैल
सारांश
Key Takeaways
- आवेदन की प्रक्रिया 28 मार्च से शुरू हुई।
- आवेदन की अंतिम तिथि 24 अप्रैल है।
- 8 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
- योग्य उम्मीदवारों का चयन विभिन्न परीक्षणों के आधार पर होगा।
- चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 19,900 से 81,100 रुपए के बीच होगी।
अमरावती, 30 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। यदि आप सरकारी नौकरी की तलाश में हैं, तो रक्षा मंत्रालय के तहत आने वाले रक्षा उत्पादन विभाग के अंतर्गत एक अंतर-सेवा संगठन, डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ क्वालिटी एश्योरेंस (डीजीक्यूए) ने ग्रुप-सी, गैर-राजपत्रित, गैर-मंत्रालयी और मंत्रिस्तरीय पदों के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
डीजीक्यूए द्वारा जारी पदों के लिए ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया 28 मार्च से शुरू हो चुकी है, और आवेदन करने की अंतिम तिथि 24 अप्रैल है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवारों को समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है।
गुणवत्ता आश्वासन महानिदेशालय (डीजीक्यूए) ने कुल 8 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं, जिसमें स्टेनोग्राफर ग्रेड-II के 5, सीएमडी (ओजी) के 2, और बढ़ई का 1 पद शामिल है। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को मान्यता प्राप्त बोर्ड या संस्थान से 12वीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इसके साथ ही, अन्य निर्धारित पात्रता भी आवश्यक है।
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु पद के अनुसार 27 से 37 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 24 अप्रैल के आधार पर की जाएगी। आरक्षित श्रेणी के कैंडिडेट्स को आयु सीमा में छूट भी दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा, स्किल टेस्ट, ट्रेड टेस्ट, इंटरव्यू, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, और मेडिकल एग्जामिनेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद के अनुसार 19,900 से 81,100 रुपए के बीच होगी।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार को सबसे पहले डीजीक्यूए की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। होमपेज पर संबंधित पद के लिए जारी ऑफिशियल नोटिफिकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद, अधिसूचना में दिए गए एप्लीकेशन को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकालें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ संलग्न करें। इसके बाद एप्लीकेशन को एक लिफाफे में डालकर 'मुख्य गुणवत्ता आश्वासन प्रतिष्ठान (पूर्वी फ्लीट स्टोर्स), एनएसटीएल के पास, रायथु बाजार के सामने, मर्रीपालेम पोस्ट, विशाखापत्तनम - 530018' के पते पर भेज दें।