ईरान में भारतीयों के लिए भारत का अलर्ट: अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के बीच
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 23 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के मध्य, भारत ने ईरान में निवास करने वाले भारतीय नागरिकों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। इससे पहले, पोलैंड और सर्बिया ने भी अपने नागरिकों के लिए चेतावनी जारी की थी। अमेरिका ने पिछले 22 वर्षों में मिडिल ईस्ट में सबसे बड़ी सैन्य तैनाती की है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के न्यूक्लियर प्रोग्राम पर सैन्य कार्रवाई की चेतावनी दे रहे हैं। इन्हीं सब चेतावनियों और आशंकाओं के बीच यह एडवाइजरी जारी की गई है।
ईरान में भारतीय दूतावास ने लिखा, "भारत सरकार की 5 जनवरी 2026 की एडवाइजरी को जारी रखते हुए, और ईरान में बदलते हालात के मद्देनजर, जो भारतीय नागरिक अभी ईरान में हैं (छात्र, तीर्थयात्री, व्यवसायी और पर्यटक) उन्हें सलाह दी जाती है कि वे उपलब्ध कमर्शियल फ्लाइट्स के माध्यम से ईरान छोड़ दें।"
दूतावास ने यह भी बताया कि सभी भारतीय नागरिकों और पीआईओ को पूरी सावधानी बरतनी चाहिए, विरोध या प्रदर्शन वाली जगहों से दूर रहना चाहिए, ईरान में भारतीय दूतावास के संपर्क में रहना चाहिए और स्थानीय मीडिया पर नजर रखनी चाहिए।
भारतीय दूतावास ने सभी भारतीय नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे अपने यात्रा और इमिग्रेशन दस्तावेज, जैसे पासपोर्ट और आईडी, हमेशा अपने पास रखें। उन्हें इस संबंध में किसी भी सहायता के लिए भारतीय दूतावास से संपर्क करने के लिए कहा गया है।
मदद के लिए भारतीय दूतावास ने एक अलर्ट भी जारी किया है। इमरजेंसी संपर्क हेल्पलाइन के लिए मोबाइल नंबर +989128109115, +989128109109, +989128109102 और +989932179359 हैं। इसके अलावा, संपर्क के लिए सीओएनएस डॉट तेहरान एट द रेट डॉट जीओवी डॉट इन पर ईमेल किया जा सकता है।
ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों को, जिन्होंने भारतीय दूतावास में रजिस्टर नहीं किया है, तुरंत रजिस्टर करने की सलाह दी गई है। यदि कोई भारतीय नागरिक ईरान में इंटरनेट की समस्याओं के कारण रजिस्टर नहीं कर पाता है, तो उनके परिवार वाले भारत में ऐसा कर सकते हैं।
इससे पहले, सर्बिया ने अपने नागरिकों से ईरान छोड़ने की सलाह दी है। सर्बियाई विदेश मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर एक बयान में कहा, "सुरक्षा स्थिति के बिगड़ने के कारण, सर्बिया गणराज्य के नागरिकों को ईरान जाने की सलाह नहीं दी जाती है।" वहाँ मौजूद सभी व्यक्तियों को जल्द से जल्द देश छोड़ने की सलाह दी गई है।
सर्बिया ने अपने नागरिकों से "जितनी जल्दी हो सके" देश छोड़ने की अपील की है। बाल्कन देश ने जनवरी में ही अपने नागरिकों को ईरान से निकलने और वहाँ न जाने का निर्देश दिया था। दिसंबर 2025 के अंत और जनवरी 2026 की शुरुआत में देश में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन चल रहे थे।
गुरुवार को, पोलिश पीएम डोनाल्ड टस्क ने अपने नागरिकों से ईरान न जाने और वहाँ से लौटने की अपील की थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए, ईरान में मौजूद पोलिश नागरिकों को तुरंत वहाँ से निकल जाना चाहिए क्योंकि हथियारों से लैस लड़ाई की आशंका के कारण "कुछ ही घंटों में निकलना मुमकिन नहीं होगा।"