क्या 14 नवंबर को एनडीए की विदाई और महागठबंधन की सरकार बनना निश्चित है: मृत्युंजय तिवारी
सारांश
मुख्य बातें
पटना, 13 नवंबर (राष्ट्र प्रेस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा है कि 14 नवंबर को बिहार विधानसभा चुनाव के परिणामों को लेकर किसी को भी संदेह नहीं होना चाहिए, क्योंकि तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार बन रही है।
तिवारी ने कहा, "14 नवंबर को बिहार में एनडीए के लिए विदाई तय है। आज रात एनडीए में शामिल राजनीतिक दलों के लिए मुश्किल साबित होने वाली है। मेरा मानना है कि आज रात ही एनडीए की बिहार से विदाई निश्चित है।"
पटना में राष्ट्र प्रेस से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि शुक्रवार को चुनाव परिणाम आएंगे और बिहार की जनता विजयी होगी। जिस तरह सूरज पूरब से निकलता है, वैसे ही महागठबंधन की सरकार बनना तय है। जनता ने बदलाव के लिए वोट दिया है और हर वोट का महत्व है। आज रात एनडीए के लिए चुनौतीपूर्ण होगी।
उन्होंने यह भी दुहराया कि महागठबंधन की सरकार बिहार में बनना निश्चित है।
एग्जिट पोल के अनुमान पर उन्होंने कहा कि पहले भी एग्जिट पोल गलत साबित हुए हैं और इस बार भी ऐसा होगा। 14 नवंबर को महागठबंधन की सरकार बनने के बाद एग्जिट पोल का एग्जिट हो जाएगा।
बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव में 243 सीटों पर मतदान दो चरणों में हुआ। पहले चरण में 6 नवंबर को 121 सीटों पर वोटिंग हुई जबकि दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को 122 सीटों पर हुआ। 14 नवंबर को 243 सीटों पर परिणाम घोषित किया जाएगा।
इस बार बिहार में वोटिंग प्रतिशत भी बढ़ा है, जिसे लेकर विपक्षी दलों के नेताओं ने विश्वास जताया है कि यह बढ़ा हुआ वोटिंग प्रतिशत उनके पक्ष में आया है।
वहीं, एनडीए में शामिल राजनीतिक दलों का मानना है कि बड़ी संख्या में महिला मतदाताओं ने मत का प्रयोग किया है, जो दिखाता है कि महिलाओं का नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार में विश्वास है।