क्या मुंबई में खराब मौसम का असर फ्लाइटों पर है? एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 18 अगस्त (राष्ट्र प्रेस)। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट ने सोमवार को भारी बारिश के चलते यात्रियों के लिए एक ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने यात्रियों को सुझाव दिया है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
एयरपोर्ट की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, "खराब मौसम और बारिश के पूर्वानुमान के मद्देनजर यात्रियों से अनुरोध है कि वे एयरलाइनों से संपर्क करके अपनी उड़ानों की स्थिति की जांच करें।"
इसके साथ ही, सभी यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे सामान्य समय से पहले एयरपोर्ट पहुंचें ताकि सुरक्षा जांच के लिए पर्याप्त समय मिल सके। हम आपकी यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
इससे पहले, 17 अगस्त को इंडिगो एयरलाइन ने भी इस स्थिति को देखते हुए यात्रियों के लिए एक ट्रैवल एडवाइजरी जारी की थी। इंडिगो ने यात्रियों से अनुरोध किया था कि वे समय से पहले घर से निकलें और एयरपोर्ट पहुंचने में संभावित देरी का ध्यान रखें।
मौसम विभाग ने मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी दी है, जिसके कारण उड़ानों के समय में परिवर्तन या देरी की संभावना हो सकती है।
आईएमडी ने महाराष्ट्र में 16 से 21 अगस्त के बीच भारी वर्षा की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, 21 अगस्त तक मध्य महाराष्ट्र के कोंकण और आसपास के घाट क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है।
इस दौरान मराठवाड़ा क्षेत्र में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिनकी गति 40-50 किमी प्रति घंटे हो सकती है।