मुंबई पुलिस ने 7 करोड़ की ड्रग्स जब्त, महिला तस्कर को किया गिरफ्तार
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 19 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। मुंबई पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने करोड़ों रुपए की ड्रग्स के साथ एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की क्राइम ब्रांच के एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) ने करोड़ों रुपए की एमडीएमए टैबलेट्स बरामद की हैं, जिसके तहत एक महिला ड्रग्स सप्लायर को पकड़ा गया है। पुलिस का कहना है कि यह पहली बार है जब मुंबई में इतनी बड़ी मात्रा में एक्स्टेसी पिल्स एक साथ जब्त की गई हैं।
क्राइम ब्रांच की एएनसी की घाटकोपर यूनिट ने खुफिया सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ के दौरान पुलिस को एक संगठित ड्रग्स नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिसके चलते टीम ने सुनियोजित तरीके से छापेमारी की। जांच के दौरान पता चला कि गिरफ्तार की गई 36 वर्षीय महिला टिटवाला (कल्याण) की निवासी है और वह इस ड्रग्स रैकेट की मुख्य सप्लायर थी। पुलिस ने उसके ठिकाने पर छापेमारी कर भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए।
छापेमारी के दौरान आरोपी के पास से कुल 4056 एक्स्टेसी टैबलेट्स (कुल वजन 2030 ग्राम) जब्त की गईं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत लगभग 5 करोड़ 7 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। इससे पहले भी आरोपी के पास से 104 ग्राम एमडीएमए जब्त किया गया था, जिसकी कीमत करीब 26 लाख रुपये थी। इस प्रकार कुल बरामदगी का आंकड़ा लगभग 7 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
एंटी नारकोटिक्स सेल के अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई मुंबई में ड्रग्स के खिलाफ चल रही मुहिम में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच को आगे बढ़ा रही है।