प्रधानमंत्री मोदी का नालंदा हादसे पर शोक, मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता
सारांश
Key Takeaways
- बिहार के नालंदा में शीतला माता मंदिर में भगदड़ हुई।
- इस घटना में सात लोग मारे गए।
- प्रधानमंत्री मोदी ने पीड़ितों के परिजनों के लिए दो लाख रुपए की सहायता की घोषणा की।
- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का छह लाख रुपए मुआवजे का ऐलान।
- घायलों के लिए पचास हजार रुपए की सहायता।
नई दिल्ली, 31 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को बिहार के नालंदा स्थित शीतला माता मंदिर में हुई दुःखद घटना पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले व्यक्तियों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की। इसके साथ ही केंद्र सरकार ने इस भगदड़ में मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपए और घायलों को पचास हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने पीएम मोदी के हवाले से कहा, "नालंदा में हुई यह घटना अत्यंत दुखद है। मैं उन सभी के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं जिन्होंने इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोया। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी और घायलों को पचास हजार रुपए दिए जाएंगे।"
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "नालंदा के माता शीतला मंदिर में हुई भगदड़ की घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।"
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी एक्स पर लिखा, "बिहार के नालंदा में शीतला माता मंदिर में हुई भगदड़ की दुखद घटना में श्रद्धालुओं के निधन और घायल होने की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। मैं दिवंगत श्रद्धालुओं के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।"
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी इस हादसे पर दुःख व्यक्त करते हुए लिखा, "नालंदा के माता शीतला मंदिर में हुई भगदड़ की घटना अति दुःखद है। इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"
मंगलवार को नालंदा के मघड़ा मेले में एक बड़ा हादसा हुआ, जहां माता शीतला के मंदिर में अचानक भगदड़ मच गई, जिसमें सात लोगों की जान चली गई। मृतकों में महिलाओं की संख्या अधिक बताई जा रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के लिए छह लाख रुपए मुआवजे की घोषणा की है।