नालंदा के शीतला मंदिर भगदड़ की जांच के लिए मुख्य सचिव को दिए गए आदेश: संजय सरावगी
सारांश
Key Takeaways
- भगदड़ की घटना ने कई श्रद्धालुओं की जान ली।
- मुख्य सचिव को जांच के आदेश दिए गए हैं।
- सरकार घायलों का समुचित इलाज करवा रही है।
- स्थानीय प्रशासन सक्रियता से मदद कर रहा है।
- संजय सरावगी ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की।
पटना, 31 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने नालंदा के मां शीतला मंदिर में हुई भगदड़ की घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने बताया कि मुख्य सचिव को इस मामले की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
मीडिया से बातचीत में संजय सरावगी ने कहा कि नालंदा के शीतला माता मंदिर में चैत्र के अंतिम मंगलवार को भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई, जिसमें कई श्रद्धालुओं की जान गई। हम उन सभी के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं, जो इस घटना में घायल हुए हैं, और सरकार उनकी चिकित्सा में हर संभव सहायता कर रही है। घटनास्थल पर आयुक्त को भेजा गया है और मुख्य सचिव को घटना के कारणों की जांच का आदेश दिया गया है।
जांच रिपोर्ट के आने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे से प्रभावित सभी परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। स्थानीय प्रशासन घायलों की सहायता के लिए तत्पर है। मैं शीतला माता से प्रार्थना करता हूं कि वे दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और घायलों को जल्द स्वस्थ करें।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि नालंदा में माता शीतला मंदिर में हुई भगदड़ की घटना अत्यंत दुखद है। इस हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदना है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वे दिवंगत आत्माओं को अपने चरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि नालंदा स्थित शीतला माता मंदिर में चैत्र माह के अंतिम मंगलवार को पूजा के दौरान हुई भगदड़ की घटना हृदयविदारक है। इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में महिलाओं समेत कई श्रद्धालुओं की असामयिक मृत्यु के समाचार ने मन को व्यथित कर दिया है। इस कठिन घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि घायलों के उचित और त्वरित इलाज की हर संभव व्यवस्था की जाए। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि सभी घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ एवं पूर्ण आरोग्य प्रदान करें।