क्या नरेंद्र मोदी पहले प्रधानमंत्री हैं जो श्रीकृष्ण जन्मभूमि मथुरा आए?
सारांश
मुख्य बातें
मथुरा, 16 अगस्त (राष्ट्र प्रेस)। उत्तर प्रदेश का मथुरा और वृंदावन जन्माष्टमी के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध हैं। इस अवसर पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान के मुख्य पुजारी राम अवतार अवस्थी ने बताया कि नरेंद्र मोदी पहले प्रधानमंत्री हैं, जो ठाकुर जी के चरणों में आए।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के 'मोदी स्टोरी' अकाउंट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक वीडियो साझा किया गया है। इस वीडियो में श्रीकृष्ण जन्मस्थान के मुख्य पुजारी राम अवतार अवस्थी ने कहा कि मैं पिछले 30 वर्षों से ठाकुर जी की सेवा कर रहा हूं। आज तक कोई प्रधानमंत्री नहीं आया। श्रीकृष्ण जन्मभूमि, मथुरा में पहली बार कोई प्रधानमंत्री पहुंचे और वह हैं नरेंद्र मोदी।
उन्होंने आगे कहा कि जब प्रधानमंत्री मोदी आए, तो हमने उनका हाथ जोड़कर वंदन किया और उन्होंने भी हमें प्रणाम किया। इसके बाद, उन्होंने सीढ़ियों पर अपना मस्तक रखकर ठाकुर जी के चरणों में हाथ जोड़कर प्रणाम किया। उनके इस भाव को देखकर हम सब बहुत भावुक हो गए कि देखिए हमारे प्रधानमंत्री का भाव कितना सुंदर है।
राम अवतार अवस्थी ने कहा कि जब उनका आना हुआ, तो प्रभु के प्रति जो भाव उनके चेहरे और आचरण में झलक रहा था, वह अद्भुत था। मंदिर में प्रवेश करते ही उन्होंने ठाकुर जी के चरणों में मस्तक झुकाया, सीढ़ियों और गर्भगृह की देहरी तक को प्रणाम किया। उनकी भक्ति और विनम्रता को देखकर पुजारी भी भावुक हो उठे।
उन्होंने कहा कि यह क्षण उनकी अटूट आस्था और संस्कृति के प्रति अनुपम श्रद्धा का जीवंत चित्र था।