निशांत कुमार ने डॉ. राम मनोहर लोहिया को श्रद्धांजलि अर्पित की, कहा- पिताजी उनके सिद्धांतों पर चले
सारांश
Key Takeaways
- निशांत कुमार ने लोहिया जी की जयंती पर श्रद्धांजलि दी।
- पिताजी नीतीश कुमार लोहिया जी के सिद्धांतों का पालन करते हैं।
- बिहार में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया गया।
- राजनीति में बदलाव की चर्चा तेज है।
- नीतीश कुमार ने सभी वर्गों के लिए न्याय सुनिश्चित किया।
पटना, 23 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र और जदयू नेता निशांत कुमार ने सोमवार को डॉ. राममनोहर लोहिया की जयंती पर पार्टी कार्यालय में उन्हें पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
पटना में मीडिया से बातचीत के क्रम में जदयू नेता ने अपने पिता तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जिक्र करते हुए कहा कि एक बार गांधी मैदान में लोहिया जी का भाषण हो रहा था। उस भाषण को सुनकर पिताजी लोहिया जी से बहुत प्रभावित हुए। उन्होंने उन्हें अपना गुरु आदर्श मान लिया और निर्णय लिया कि वे भी उनके बताए गए मार्ग और सिद्धांतों का अनुसरण करेंगे।
उन्होंने बताया कि पिताजी ने जीवनभर लोहिया जी के सिद्धांतों का पालन किया है। चाहे वह सत्य हो, अहिंसा हो, जाति और रंग के आधार पर भेदभाव को समाप्त करना हो या महिलाओं की समानता हो। मेरे पिता ने महिलाओं को आरक्षण दिया और उन्हें रोजगार के लिए प्रोत्साहित किया। यह सच्ची लैंगिक समानता को दर्शाता है। उन्होंने जाति और रंग से ऊपर उठकर, सभी वर्गों में न्याय के साथ विकास सुनिश्चित किया।
निशांत कुमार ने कहा कि मेरे पिताजी लोहिया जी को अपना गुरु मानते हैं और उनकी विचारधारा से जुड़े रहे हैं। गांधी मैदान में लोहिया जी का भाषण सुनकर वे उनसे प्रेरित हुए और तब से वे लोहिया जी के शिष्य बन गए।
नीतीश कुमार के 20 साल के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पिताजी से पहले की सरकारों में बिहार में लूट-खसोट और अपराध का बोलबाला था, लेकिन जब पिताजी आए, तो उन्होंने दंगा और हिंसा को समाप्त किया। विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का कार्य किया गया। सभी वर्गों के लोगों को साथ लेकर काम किया गया।
निशांत कुमार जदयू में तब शामिल हुए हैं, जब उनके पिता और बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने बिहार से जाने का मन, यानी कि राज्यसभा जाने की घोषणा की। हाल ही में संपन्न हुए राज्यसभा चुनाव में वे विजयी हुए हैं।
दूसरी ओर, नीतीश कुमार के बाद बिहार की बागडोर किसके हाथों में आएगी, इस पर चर्चा तेज है। जिन कुछ नामों पर चर्चा हो रही है, उनमें एक नाम निशांत कुमार का भी है।