नोएडा में कर्मचारियों का विशाल प्रदर्शन, ट्रैफिक में भारी रुकावट से जनजीवन प्रभावित
सारांश
मुख्य बातें
नोएडा, 13 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। सोमवार को नोएडा में हजारों कर्मचारियों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन वेतन वृद्धि (इंक्रीमेंट) और कार्य समय को लेकर कंपनियों द्वारा किए गए वादों के न पूरा करने के विरोध में था।
कर्मचारियों का कहना है कि महंगाई बढ़ने के बावजूद उनके वेतन में कोई वृद्धि नहीं की गई है, जबकि कंपनियों ने पहले इंक्रीमेंट देने का आश्वासन दिया था। इस प्रदर्शन के चलते शहर के कई प्रमुख क्षेत्रों में यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। खासकर सेक्टर-62 में बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने सड़क पर उतरकर मार्ग को अवरुद्ध कर दिया।
इससे सेक्टर-62 से सेक्टर-16 और एनएच-9 जाने वाले मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। दफ्तर जाने वाले, स्कूल बसों और आम यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का कहना है कि बढ़ती महंगाई के कारण घर चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनियां केवल आश्वासन देती हैं, लेकिन समय आने पर अपने वादों से मुकर जाती हैं।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं, तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि, प्रदर्शनकारियों की संख्या अधिक होने के कारण यातायात व्यवस्था को सामान्य करने में काफी समय लगा। पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की।
नोएडा के अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में भी प्रदर्शन का असर देखने को मिला। सेक्टर-1 सहित कई औद्योगिक इलाकों में काम करने वाले श्रमिक भी सड़कों पर उतर आए। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के आसपास भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
फिलहाल, प्रशासन और कंपनी प्रबंधन के बीच बातचीत की संभावना जताई जा रही है। उम्मीद है कि जल्द ही कोई समाधान निकलकर सामने आएगा, जिससे कर्मचारियों का आक्रोश शांत हो सके और शहर की स्थिति सामान्य हो सके।