पीएम मोदी ने नागरकोइल में गिरिजा अम्मा से की यादगार मुलाकात, कहा- मेरा सौभाग्य...
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 16 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को तमिलनाडु के दौरे के दौरान नागरकोइल में सामाजिक कार्यकर्ता वीराराघवन गिरीजा से मुलाकात की। उन्होंने इस मुलाकात को भव्य और यादगार बताया।
पीएम मोदी ने इस मुलाकात का जिक्र करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, "कल नागरकोइल में, मैं गोमातम वीराराघवन गिरिजा जी से मिला, जो तीन दशकों से भी अधिक समय के बाद हुआ। शिक्षा, सेवा और भारतीय संस्कृति के लिए उनके योगदान के बारे में जानकर मुझे बहुत खुशी हुई। मैं कुछ युवा छात्रों से भी मिला, जिन्होंने अपने अनुभव साझा किए।"
पीएम मोदी ने एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने कहा, "मेरा सौभाग्य है कि आज मुझे करीब चालीस साल बाद गिरजा अम्मा से मिलने का अवसर मिला।" उन्होंने बताया कि वीराराघवन गिरिजा कई वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रही हैं और इस क्षेत्र में करीब 15 हिंदू विद्यालय स्थापित किए हैं। इन स्कूलों में गरीब और जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा दी जाती है, साथ ही उन्हें सेवा और संस्कारों का महत्व भी सिखाया जाता है।
प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि इन विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चे हर दिन एक रुपया दान करते हैं। यह राशि समय-समय पर देश के विभिन्न हिस्सों में जरूरतमंदों की सहायता के लिए भेजी जाती है, जैसे असम में बाढ़ पीड़ितों, गुजरात में भूकंप पीड़ितों और कारगिल युद्ध में सैनिकों के कल्याण के लिए।
इस मुलाकात के दौरान गिरिजा अम्मा ने भी अपने अनुभव साझा किए और पीएम मोदी को एक चेक भेंट किया। उन्होंने बताया कि यह योगदान सभी का सामूहिक प्रयास है, जिसमें 10 हजार से ज्यादा बच्चे, 600 शिक्षक और 200 अन्य स्टाफ जुड़े हुए हैं। इसे उन्होंने अपने गोल्डन जुबली के अवसर पर एक विशेष उपहार बताया।
प्रधानमंत्री ने गिरिजा अम्मा के बच्चों से भी बातचीत की। एक छोटी बच्ची ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वह पीएम मोदी से मिलकर बहुत खुश है और उसने पीएम मोदी को सरस्वती वंदना भी सुनाई।