क्या पीएम मोदी ने उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन को एनडीए सांसदों से मिलवाया और समर्थन की अपील की?
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 19 अगस्त (राष्ट्र प्रेस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उपराष्ट्रपति पद के प्रत्याशी सीपी राधाकृष्णन को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सांसदों से मिलवाया है। मंगलवार को आयोजित एनडीए संसदीय दल की बैठक में सीपी राधाकृष्णन का परिचय उपस्थित सांसदों से कराया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने सभी दलों और पार्टी के सांसदों से सीपी राधाकृष्णन का समर्थन करने की अपील की है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "मंगलवार सुबह दिल्ली में एनडीए संसदीय दल की बैठक में भाग लिया। उपराष्ट्रपति पद के लिए सीपी राधाकृष्णन की उम्मीदवारी के पक्ष में उत्साह देखकर प्रसन्नता हुई।"
एनडीए संसदीय दल की बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू ने कहा, "एनडीए संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति में उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन को परिचय कराया गया। एनडीए के फ्लोर लीडर्स और सांसदों ने सीपी राधाकृष्णन का गर्मजोशी से स्वागत किया। सभी ने प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया।"
किरन रिजिजू ने बताया, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपील की है कि उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए ने जो उम्मीदवार (सीपी राधाकृष्णन) तय किया है, उन्हें सभी दल एकजुट होकर समर्थन करें। प्रमुख विपक्षी दलों से भी मोदी ने खास अपील की है कि वे सीपी राधाकृष्णन का समर्थन करें। राजनाथ सिंह भी सभी से बातचीत कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि हमें एकजुट होकर उपराष्ट्रपति चुनाव में राधाकृष्णन का समर्थन करना चाहिए। यह हमारे लोकतंत्र, देश एवं राज्यसभा के संचालन के लिए आवश्यक है। केंद्रीय मंत्री ने कहा, "सीपी राधाकृष्णन, उपराष्ट्रपति पद के लिए एक बहुत अच्छा नाम हैं। यह सभी ने स्वीकार किया है।"
रिजिजू ने राधाकृष्णन की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके जीवन में कोई विवाद नहीं है। उन्होंने किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार नहीं किया है। उनके ऊपर कोई दाग नहीं है। केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा, "उन्होंने बहुत सादा जीवन व्यतीत किया है और हमेशा समाज और देश के लिए कार्य किया है। यदि ऐसा व्यक्ति देश का उपराष्ट्रपति बने, तो यह हमारे देश के लिए गर्व की बात होगी।