प्रधानमंत्री मोदी का तमिलनाडु भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद, जानिए क्या है खास
सारांश
Key Takeaways
- प्रधानमंत्री मोदी का संवाद कार्यक्रम 13 अप्रैल को होगा।
- कार्यकर्ता 'नमो' ऐप के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं।
- यह कार्यक्रम तमिलनाडु के विकास के लिए महत्वपूर्ण है।
नई दिल्ली, 12 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को 'मेरा बूथ-सबसे मजबूत संवाद' कार्यक्रम के जरिए तमिलनाडु के भाजपा कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करेंगे। यह कार्यक्रम पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रधानमंत्री मोदी से जुड़ने और तमिलनाडु के विकास के लिए अपने विचार साझा करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।
प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को शाम 4 बजे 'मेरा बूथ-सबसे मजबूत संवाद' में हिस्सा लेंगे और कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे। उन्होंने इस बारे में रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "13 अप्रैल की शाम को 'मेरा बूथ-सबसे मजबूत संवाद' में मैं अपने मेहनती कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत करूंगा।"
उन्होंने तमिलनाडु भाजपा कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा, "मुझे गर्व है कि हमारे कार्यकर्ताओं ने डीएमके के खराब शासन को उजागर किया है और एनडीए के विकास के विज़न को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है।"
कार्यक्रम में भाग लेने के इच्छुक कार्यकर्ता 'नमो' ऐप के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। पार्टी ने अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं से इस संवाद में शामिल होने का आग्रह किया है, ताकि तमिलनाडु के विकास पर विचारों का आदान-प्रदान हो सके।
पीएम मोदी ने एक अन्य पोस्ट में पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में रोड शो की तस्वीरें साझा कीं, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए। तस्वीरों में पीएम मोदी जनता का अभिवादन करते नजर आए। उन्होंने लिखा, "15 किलोमीटर का अद्भुत स्नेह। ये हैं सिलीगुड़ी की कुछ झलकियां। भाजपा सरकार स्थानीय विकास के मुद्दों का समाधान करेगी और पश्चिम बंगाल के युवाओं के लिए नए अवसर लाएगी।"
रविवार को प्रधानमंत्री मोदी दोपहर 1 बजे सिलीगुड़ी में 'विजय संकल्प सभा' को भी संबोधित करेंगे, जो इस महीने के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।