क्या नीतीश कुमार पूर्ण बहुमत के साथ फिर से बिहार के मुख्यमंत्री बनेंगे?: रामदास आठवले
सारांश
Key Takeaways
पटना, 26 अक्टूबर (राष्ट्र प्रेस)। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने रविवार को बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के समर्थन में माहौल बनाते हुए यह घोषणा की कि उनकी पार्टी राज्य की सभी विधानसभा सीटों पर एनडीए के उम्मीदवारों का समर्थन करेगी। उन्होंने कहा कि एनडीए को पूर्ण बहुमत मिलेगा और नीतीश कुमार एक बार फिर बिहार के मुख्यमंत्री बनेंगे।
रामदास आठवले ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बिहार में रिपब्लिकन पार्टी का संगठन मजबूत है और सभी जिलों में पार्टी के कार्यकर्ता सक्रिय हैं। उन्होंने कहा, “बिहार के विकास के लिए सबसे पहले महागठबंधन को धूल चटाना आवश्यक है, इसलिए आरपीआई ने तय किया है कि वह एनडीए के सभी उम्मीदवारों का समर्थन करेगी।”
केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने बिहार को विशेष पैकेज दिया है और राज्य के बुनियादी ढांचे के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र में भी उल्लेखनीय विकास हुआ है। उन्होंने कहा, “सीएम नीतीश कुमार ने अपने कार्यकाल में किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं। उनके प्रयासों से बिहार में रोजगार के अवसर बढ़े हैं और महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों में काम की तलाश में जाने वाले मजदूरों की संख्या में कमी आई है।”
आठवले ने कहा कि बिहार के समग्र विकास के लिए एनडीए की सरकार जरूरी है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनावों में एनडीए भारी बहुमत से जीत हासिल करेगा और नीतीश कुमार 10वीं बार मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड बनाएंगे।
अपने चिर-परिचित अंदाज में उन्होंने इस मौके पर एक कविता भी सुनाई—
"एनडीए बिहार में तोड़ देगा बहुमत के रिकॉर्ड सारे,
बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों को देखकर महागठबंधन के नेता चकरा जाएंगे सारे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता का जलवा दिखाएंगे,
नीतीश कुमार 10वीं बार मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड बनाएंगे।
बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए एनडीए ही एकमात्र विकल्प है,
इसलिए आरपीआई का एनडीए को साथ देने का संकल्प है।"
आठवले ने कहा कि आरपीआई के कार्यकर्ता पूरे राज्य में एनडीए उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार करेंगे और बिहार को विकास की नई दिशा देने के लिए पूरी ताकत से जुट जाएंगे।